अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच दुर्गम डूरंड लाइन पर जारी तनाव अब पूर्ण रूप से सशस्त्र संघर्ष में बदल चुका है. अफगान सीमा बलों के प्रवक्ता ने आजतक को बताया कि बीते 5 दिनों में अफगान-तालिबान डिफेंस फोर्सेज ने पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया है. इस लड़ाई में अब तक पाकिस्तान के 150 सैनिक मारे गए हैं, जबकि लगभग 200 सैनिक बुरी तरह घायल हुए और पाकिस्तान के 40 पोस्ट पर तालिबान- अफगान लड़कों ने कब्जा कर लिया है.
अफगान सीमा बलों के प्रवक्ता अबीदुल्लाह उकाब ने मंगलवार को आजतक से की खास बातचीत में बताया अफगान डिफेंस मिनिस्टर का हवाला देते हुए बताया कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रही लड़ाई में बीते 5 दिन में 150 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि लगभग 200 पाकिस्तानी सैनिक बुरी तरह घायल हुए और पाकिस्तान के 40 पोस्ट पर तालिबान- अफगान लड़कों ने कब्जा किया और बम से उड़ाया दिया.
उन्होंने कहा कि अफगान-तालिबान डिफेंस फोर्सेज पाकिस्तान की किसी भी हरकत का जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार है.
पाकिस्तानी ड्रोन तबाह
अफगान फोर्स ने दावा किया है कि पाकिस्तान की तरफ से भेजे गए कई ड्रोन को तबाह किया गया. साथ ही साथ पाकिस्तान ने अफगान फोर्सेज की जासूसी के लिए स्मॉल इंटेलिजेंस ड्रोन भेजा था, उसको भी डिस्ट्रॉय किया गया है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
अफगान-तालिबान पक्ष ने कुछ वीडियो जारी किए हैं, जिनमें उनके लड़ाके पाकिस्तानी पोस्ट पर कब्जा करते हुए दिख रहे हैं. वीडियो में अफगान लड़ाके पाकिस्तानी फौजियों का सामान, वायरलेस सेट, हथियार और अन्य युद्ध सामग्री लूटते नजर आ रहे हैं. कई पाकिस्तानी सैनिक हाथ खड़े करके भागते हुए दिखे हैं, जिसके बाद उनके हथियार और उपकरण अफगान लड़ाकों के कब्जे में आ गए. ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और दोनों पक्षों के बीच प्रचार युद्ध को और तेज कर रहे हैं.
PAK-अफगान के दावे
वहीं, अफगानिस्तान के इन दावों पर पाकिस्तानी सेना या सरकार ने अभी कोई टिप्पणी नहीं की है. जबकि अफगान से उल्टा दावा करते हुए पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि अफगान तालिबान के सैकड़ों लड़ाके उनकी कार्रवाई में मारे गए हैं और पाकिस्तानी सेना ने कई ठिकानों पर कब्जा किया है. फिलहाल सीमा पर तनाव चरम पर है और अफगान लड़ाके अपनी जीत का दावा मजबूत कर रहे हैं.
इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की है. इस संघर्ष से क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ रही है और हजारों नागरिक विस्थापित हो चुके हैं.
—- समाप्त —-
