Fri. Mar 27th, 2026

अब अमेरिकी डॉलर पर होंगे राष्ट्रपति ट्रंप के साइन… 165 साल पुरानी परंपरा होगी खत्म – trump signature us currency new dollar bill change ntc rlch

69c5bcfb8cac2 donald trump us japan trade deal 182922556

अमेरिका की करेंसी में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हस्ताक्षर अब नए अमेरिकी कागजी नोटों पर दिखाई देगा. इस घोषणा ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है. यह अमेरिका के इतिहास में पहली बार होगा जब किसी पद पर आसीन राष्ट्रपति के हस्ताक्षर मुद्रा पर अंकित किए जाएंगे.

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह कदम देश की स्वतंत्रता के 250वें वर्ष के मौके पर उठाया जा रहा है. इसके साथ ही 165 साल पुरानी परंपरा भी टूटेगी. 1861 से अब तक अमेरिकी मुद्रा पर ‘ट्रेजरर ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स’ के हस्ताक्षर होते थे, जिसे अब हटा दिया जाएगा.

वित्त मंत्री बेसेंट का साइन भी डॉलर पर होगा

ट्रेजरी के मुताबिक, जून से 100 डॉलर के नए नोट छापे जाएंगे, जिन पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर होंगे. इसके बाद धीरे-धीरे अन्य मूल्यवर्ग के नोट भी जारी किए जाएंगे.

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि यह पहल देश की आर्थिक प्रगति और ऐतिहासिक उपलब्धियों को दर्शाने के लिए की जा रही है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी डॉलर पर ट्रंप का नाम होना इस खास मौके को यादगार बनाने का एक तरीका है. वहीं, यूएस ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए इसे उचित और सम्मानजनक बताया है.

सोने के सिक्के पर होगी ट्रंप की फोटो

इससे पहले अमेरिका की आजादी के 250 वर्ष पूरे होने के मौके पर एक खास सोने का सिक्का (स्मारक गोल्ड कॉइन) जारी करने की घोषणा की गई थी. इस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर छपी होगी. इस प्रस्तावित 24 कैरेट गोल्ड कॉइन में ट्रंप को ‘रिजॉल्यूट डेस्क’ पर झुके और मुट्ठी भींचे हुए दर्शाया गया है. 

अमेरिका में यह पहली बार नहीं है जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति की तस्वीर स्मारक सोने के सिक्के पर छप रही है. इससे पहले कॉल्विन कूलिज 1926 में अमेरिका की आजादी के 150 साल पूरे होने पर जारी स्मारक सिक्के में जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ नजर आए थे. हालांकि, अमेरिकी कानून आमतौर पर किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर को मुद्रा पर छापने की अनुमति नहीं देता. 

अमेरिकी ‘कमीशन ऑफ फाइन आर्ट्स’ ने 19 मार्च को इस सिक्के के डिजाइन को मंजूरी दे दी है. हालांकि, सिक्के के आकार और इसे ट्रंप की तस्वीर के साथ जारी करने को लेकर औपचारिक स्वीकृति मिलनी अभी बाकी है.

गौरतलब है कि अमेरिका ने 4 जुलाई 1776 को स्वतंत्रता की घोषणा की थी. इस दिन अमेरिकन डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस को अपनाया गया, जिसमें 13 अमेरिकी उपनिवेशों ने ग्रेट ब्रिटेन से आजादी का ऐलान किया. इसी कारण हर साल 4 जुलाई को आतिशबाजी, परेड और उत्सव के साथ अमेरिका में स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता है.

—- समाप्त —-

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *