पश्चिम एशिया में बीते एक महीने से इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग धधक रहा है. अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार कह रहे हैं कि वह जल्द ही होर्मुज का रास्ता खुलवाएंगे. इन सब के बीच ईरान का अमेरिका पर हमला जारी भी है.
ईरान की सरकारी TV से जुड़े एक लोकल चैनल ने शुक्रवार को एक बड़ा दावा किया है. दावा है कि अमेरिका का एक फाइटर पायलट अपने विमान से बाहर कूदा और वो दक्षिण-पश्चिमी ईरान के इलाके में जाकर गिरा है.
चैनल ने यहां तक ऐलान कर दिया कि अगर कोई इस पायलट को जिंदा पकड़कर पुलिस को सौंपता है, तो उसे बड़ा इनाम दिया जाएगा.
अमेरिका की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है. अमेरिकी सेना, पेंटागन और व्हाइट हाउस किसी ने भी इस खबर पर कुछ नहीं कहा.
पूरा मामला क्या है?
अभी अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बहुत ज्यादा है. दोनों देशों के बीच हमले और जवाबी हमले चल रहे हैं. इसी बीच अगर कोई अमेरिकी पायलट सच में ईरान की जमीन पर गिरने का दावा तेहरान की ओर से किया जा रहा है. अगर ऐसा हुआ है तो यह मामला बहुत बड़ा रूप ले सकता है.
यह और कैसे बढ़ सकता है?
अगर पायलट जिंदा पकड़ा गया तो ईरान के हाथ में एक बहुत बड़ा हथियार आ जाएगा. वो इसे सौदेबाजी के लिए इस्तेमाल कर सकता है. जैसे कि अमेरिका पर दबाव बनाना, हमले रोकने की मांग करना, या दुनिया के सामने यह दिखाना कि अमेरिका को नुकसान हुआ है.
अमेरिका की तरफ से तब जवाब और तेज हो सकता है. वो पायलट को छुड़ाने के लिए दबाव बनाएगा चाहे बातचीत से हो या ताकत से. इससे जंग और बड़े इलाके में फैल सकती है. खाड़ी के दूसरे देश भी इसमें खिंच सकते हैं.
अभी क्या है सच्चाई?
फिलहाल यह सिर्फ ईरानी चैनल का दावा है. कोई सबूत पेश नहीं किया गया. अमेरिका ने न हां कहा, न ना. लेकिन जिस तरह से ईरान ने इनाम का ऐलान किया, उससे लगता है कि पायलट अभी तक मिला नहीं है.
—- समाप्त —-
