Wed. Apr 8th, 2026

असम चुनाव में वोटिंग से पहले कांग्रेस प्रत्याशी ने ‘डाले हथियार’, धरी रह गई राहुल गांधी और गौरव गोगोई की प्लानिंग

Gaurav Gogoi 2026 04 a0dc993eba0e2bcccc426d0adbd67a33

गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव में वोटिंग से एक दिन पहले, उदलगुड़ी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेन दैमरी ने बुधवार को पार्टी छोड़ने और चुनावी मुकाबले से हटने की घोषणा की. हालांकि, कांग्रेस ने कहा कि उन्होंने अभी तक पार्टी को अपना त्यागपत्र नहीं सौंपा है. दैमरी के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर राहुल गांधी और गौरव गोगोई की प्लानिंग कहां रह गई. निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि दैमरी का नाम ईवीएम में रहेगा और लोग उनके लिए वोट कर सकते हैं क्योंकि नामांकन वापस लेने की समय सीमा काफी पहले ही बीत चुकी है.

कांग्रेस प्रवक्ता बेदब्रत बोरा ने को बताया कि दैमरी ने मीडिया के सामने अपने फैसले की घोषणा की और उन्होंने अब तक पार्टी को अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है. इससे पहले दैमरी ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और चुनावी मैदान से हटने का फैसला किया है. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस में रहने का कोई फायदा नहीं है. इसने मुझे धोखा दिया है.’

दैमरी ने आरोप लगाया, ‘कांग्रेस केवल मिया समुदाय के लिए काम करती है, लेकिन मेरे जैसे अनुसूचित जनजातियों के लोगों के लिए कुछ नहीं करती.’

पार्टी ने मेरे साथ विश्वासघात किया

उन्होंने दावा किया कि उदलगुड़ी सीट से उम्मीदवार घोषित करने के बाद कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में कोई सहयोग नहीं दिया. दैमरी ने कहा, ‘मैंने पार्टी नेतृत्व को बार-बार फोन किया, लेकिन उन्होंने मेरा फोन तक नहीं उठाया. मुझे बहुत दुख है क्योंकि उन्होंने मेरी बिल्कुल भी मदद नहीं की. जिला कांग्रेस कमेटी ने भी मेरी मदद नहीं की.’

दैमरी ने कहा कि लंबे समय तक उन्होंने इंतजार किया लेकिन, जब कोई जवाब नहीं आया, तो पार्टी छोड़ने का फैसला किया. जब उनसे वोटिंग से ठीक एक दिन पहले इस्तीफे के बारे में पूछा गया, तो दैमरी ने कहा, ‘मैंने पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं किया, पार्टी ने मेरे साथ विश्वासघात किया है.’

पार्टी से औपचारिक रूप से नहीं अलग हुए दैमरी

निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नामांकन पत्र वापस लेने की समय सीमा बहुत पहले ही बीत चुकी है और उम्मीदवारों के नाम पहले ही ईवीएम में दर्ज किए जा चुके हैं. उन्होंने कहा, ‘मतदान कर्मी अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो चुके हैं. इसलिए अब चुनाव से अपना नाम वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता.’

असम विधानसभा की 126 सीट के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा, जबकि परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे. उदलगुड़ी विधानसभा सीट के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं. दैमरी के अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी बीपीएफ के रिहोन दैमरी, यूपीपीएल के दिपेन बोरो और वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल से उनीके बसुमतारी भी इस सीट से मैदान में हैं.

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *