Thu. Feb 26th, 2026

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच से तय होगी पाकिस्तान की किस्मत

blank

टी20 विश्व कप : श्रीलंका क्रिकेट टीम आखिरकार टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। हालांकि टीम को अभी सुपर 8 का अपना आखिरी मैच खेलना है, लेकिन इसके कुछ मायने नहीं हैं। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को जबरदस्त तरीके से हराकर सेमीफाइनल में जाने की अपनी संभावनाओं को और भी मजबूत कर लिया है। इस बीच पाकिस्तान की कहानी भी करीब करीब खत्म है। हालांकि पाकिस्तान अभी आधिकारिक रूप से बाहर नहीं हुआ है। चलिए जरा आपको बताते हैं कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम आखिर ऐसा क्या करे कि वो टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में चली जाए। 

श्रीलंका की टीम बाहर, अब न्यूजीलैंड और पाकिस्तान में से एक ​टीम जाएगी आगे 
आईसीसी टी20 विश्व कप की ग्रुप 2 से कौन सी दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी, ये काफी हद तक तय हो चुका है। इस ग्रुप की ताजा अंक तालिका पर नजर डालें तो पता चलता है कि इंग्लैंड की टीम दो में से दो मैच जीतकर और चार अंक हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी सीट पक्की कर चुकी है। इस बीच श्रीलंका को दो मैचों में से दोनों में हार मिली है, इसलिए अब वे इस टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। अब इस ग्रुप के दो मैच बचे हैं। एक मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा, वहीं दूसरा मैच पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होगा। 

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच से तय होगी पाकिस्तान की किस्मत
अब जरा आपको ये बताते हैं कि पाकिस्तानी टीम टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी। इस ग्रुप में पाकिस्तानी टीम दो मैचों में केवल एक ही अंक हासिल कर पाई है और टीम नंबर तीन पर है। अब पाकिस्तान को श्रीलंका से अपना आखिरी मैच खेलना है, लेकिन इससे पहले ही पाकिस्तान की किस्मत तय हो जाएगी। न्यूजीलैंड के पास तीन अंक है। अगर न्यूजीलैंड की टीम अपना अगला मैच इंग्लैंड से हार जाती है तो पाकिस्तान के लिए उम्मीद की किरन रहेगी। लेकिन अगर न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को हरा दिया तो उसके भी पांच अंक हो जाएंगे, इससे पाकिस्तान की कहानी खत्म हो जाएगी। आखिरी मैच जीतकर भी पाकिस्तान पांच अंकों तक नहीं पहुंचेगी। 

पाकिस्तान को पार करना होगा न्यूजीलैंड का नेट रन रेट
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला 27 फरवरी को खेला जाएगा। ये मैच प्रेमदासा स्टेडियम पर खेला जाएगा। इस मैच पर पाकिस्तान की सबसे ज्यादा नजर होगी। क्योंकि इसी से उसकी किस्मत तय होगी। पाकिस्तान का आखिरी मैच 28 फरवरी को श्रीलंका से होगा। इंग्लैंड की टीम अगर न्यूजीलैंड को हरा देती है तो उसके पास तीन ही अंक रह जाएंगे, यानी पाकिस्तान के लिए संभावना रहेगी। लेकिन फिर पाकिस्तान को श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, क्योंकि वहां पर नेट रन रेट पर मामला फंसेगा। न्यूजीलैंड का नेट रन रेट अभी प्लस 3.050 का है। वहीं पाकिस्तान का नेट रन रेट माइनस 0.461 का है। एक मोटे मोटे अनुमान के तहत हम आपको बताते हैं कि अगर पाकिस्तान को न्यूजीलैंड का नेट रन रेट पार करना है तो उसे श्रीलंका पर कम से कम 70 रन की जीत दर्ज करनी होगी। जो संभव तो है, लेकिन काफी मुश्किल काम जरूर है।  

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *