नई दिल्ली । रमजान के पूरे 30 रोजों और इबादत के बाद जैसे ही ईद-उल-फितर का चांद नजर आया, पूरे देश में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। मस्जिदों से एलान हुआ, लोगों ने पटाखे जलाकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी।
इस मौके पर नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार भाईचारे और करुणा की भावना को मजबूत करे तथा सभी के जीवन में सुख-शांति लाए। वहीं द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों, खासकर मुस्लिम समुदाय को बधाई देते हुए ईद को आत्मसंयम, सेवा और जरूरतमंदों की मदद का संदेश देने वाला पर्व बताया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने नवरोज के अवसर पर भी शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह नया साल सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि और स्वास्थ्य लेकर आए। उन्होंने सभी को नवरोज मुबारक कहा और पारसी समुदाय के इस पर्व को नए साल की शुरुआत का प्रतीक बताया।
