मिडिल ईस्ट में जंग छिड़ गई है. इजरायल और अमेरिकी की ओर से ईरान पर किए संयुक्त हमले से उस क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. शनिवार को किए गए हमले में ईरान को सुप्रीम लीडर अली खामेनेई मारे गए हैं. सुप्रीम लीडर के मारे जाने से ईरान बौखला उठा और जवाबी कार्रवाई की सख्त चेतावनी जारी की है. इन सब के बीच हवाई सफ़र पर भी इसका असर साफ़ तौर पर देखने को मिल रहा है.
ईरान पर हुए हमले की वजह से शनिवार को 410 उड़ानें रद्द की गईं थी और अब संभावनाएं जताई गई है कि रविवार को भारत 444 इंटरनेशनल उड़ानें रद्द कर सकता है. एविएशन रेगुलेटर DGCA ने मौजूदा स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है. DGCA एयरलाइन कंपनियों के साथ समन्वय बनाए हुए है ताकि सुरक्षा और ऑपरेशनल नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा सके.
मिडिल ईस्ट क्षेत्र में तेजी से बदलते हालात को देखते हुए एअर इंडिया ने अपनी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय सेवाओं में और कटौती करने का फैसला लिया है. एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में यह जानकारी दी है.
कंपनी ने बताया कि क्षेत्र की स्थिति की करीबी निगरानी और सावधानीपूर्वक आकलन के बाद यह कदम उठाया गया है. इस संदर्भ में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
यह भी पढ़ें: खामेनेई की मौत पर कश्मीर में प्रदर्शन… सुप्रीम लीडर की तस्वीर लेकर सड़कों पर उतरे लोग, लगाए नारे
पहले से रद्द की गई उड़ानों के अलावा 1 मार्च को संचालित होने वाली कई अलावा अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स भी रद्द कर दी गई हैं. इन उड़ानों में मुंबई-लंदन हीथ्रो, दिल्ली-बर्मिंघम, दिल्ली-एम्स्टर्डम, दिल्ली-ज्यूरिख, दिल्ली-मिलान, दिल्ली-वियना, बेंगलुरु-लंदन हीथ्रो, दिल्ली-कोपेनहेगन, दिल्ली-लंदन हीथ्रो सहित कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मार्ग शामिल हैं.
एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी. प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड संपर्क नंबर पर आवश्यक जानकारी भेजी जा रही है. इसके अलावा एयरलाइन रीबुकिंग और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था में भी सहायता प्रदान कर रही है.
यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी फ्लाइट की लेटेस्ट जानकारी जानने के लिए एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर करें या 24×7 कॉल सेंटर से संपर्क करें. कंपनी ने यह भी साफ़ किया है कि क्षेत्रीय स्थिति की निरंतर समीक्षा जारी रहेगी और आवश्यक अपडेट समय-समय पर प्रदान किए जाएंगे.
—- समाप्त —-
