लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में बेहद निराशाजनक रही. अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 1 अप्रैल को टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. कमजोर बल्लेबाजी और खराब शुरुआत चिंता का कारण बनी, लेकिन संजीव गोयनका ने टीम और कप्तान पर भरोसा जताया.
वहीं इस मैच के बाद जो दृश्य सामने आए, उन्होंने हार से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं. टीम के मालिक संजीव गोयनका कप्तान ऋषभ पंत और हेड कोच जस्टिन लैंगर मैदान पर बातचीत करते नजर आए. यह बातचीत काफी ‘एनिमेटेड’ लगी, हालांकि ऑडियो उपलब्ध नहीं था.
पिछले साल लखनऊ के पहले मैच के बाद भी गोयनका की पंत के साथ ही इसी तरह की बातचीत चर्चा में रही थी. वहीं केएल राहुल के साथ भी ऐसे ही संजीव गोयनका की तनातनी हुई थी. धोनी को भी संजीव गोयनका कप्तानी से हटा चुके हैं.
जब धोनी को कप्तानी से संजीव गोयनका ने हटाया
बात 2016-17 IPL सीजन की है, तब पुणे सुपरजायंट्स (Rising Pune Supergiant-RPS) टीम के मालिक संजीव गोयनका थे. एमएस धोनी 2016 में टीम के कप्तान थे, लेकिन टीम का प्रदर्शन खराब रहा और तब उनकी कप्तानी में 14 मैचों में सिर्फ 5 जीत दर्ज कर सकीं और आठ टीमों में 7वें स्थान पर रही. तब उनके बल्ले से 14 मैचों में 284 रन आए और उन्होंने 8 कैच और 4 स्टम्प भी किए.
यह भी पढ़ें: KL Rahul Ignores Sanjiv Goenka: केएल राहुल ने किया संजीव गोयनका को ‘इग्नोर’, चर्चा में लखनऊ-दिल्ली मैच का VIDEO
2017 सीजन से पहले संजीव गोयनका ने धोनी को कप्तानी से हटा दिया और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्टीव स्मिथ को नया कप्तान बनाया. यह फैसला काफी विवादास्पद रहा कई पूर्व खिलाड़ियों और फैन्स ने इसे धोनी की बेइज्जती बताया, क्योंकि धोनी जैसी लीजेंड को इस तरह पब्लिकली हटाना सम्मानजनक नहीं था. गोयनका ने बाद में कहा कि वे युवा लीडरशिप चाहते थे. उन्होंने दावा किया कि धोनी से उनकी अच्छी दोस्ती बनी हुई है और यह प्राइवेट बात थी. धोनी ने कभी इस पर पब्लिक में कुछ नहीं कहा.

इसी बीच तब संजीव के भाई हर्ष गोयनका ने 2017 में एक मैच के बाद ट्वीट किया था- स्मिथ ने साबित कर दिया कि जंगल का राजा कौन है, वो धोनी से आगे दिखे. इस ट्वीट को धोनी फैन्स ने सीधे अपमान माना और सोशल मीडिया पर भारी आलोचना हुई। कई लोगों ने हर्ष से माफी मांगने की मांग की थी.
बाद में क्या हुआ?
2017 में स्मिथ की कप्तानी में RPS फाइनल तक पहुंची, लेकिन धोनी ने खिलाड़ी के रूप में 16 मैचों में 290 रन बनाए थे और 10 कैच व 3 स्टम्प भी किए. RPS सिर्फ दो सीजन खेली (CSK और RR पर बैन के दौरान) और फिर बंद हो गई. अब संजीव गोयनका लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक हैं.
वहां भी वे केएल राहुल और ऋषभ पंत जैसे कप्तानों के साथ पब्लिक में गर्मागर्म चर्चा के लिए चर्चा में रहे, अब ऋषभ पंत के साथ जब 1 मार्च को जब गोयनका ने चर्चा की तो पुराने धोनी वाले एपिसोड से फैन्स इसे जोड रहे हैं. धोनी और गोयनका के बीच कोई पब्लिक बहस की वीडियो या रिपोर्ट नहीं है, मुख्य मुद्दा कप्तानी हटाना और उसके तरीके को लेकर था. गोयनका ने बाद में इंटरव्यू में धोनी की तारीफ भी की थी.
यह भी पढ़ें: संजीव गोयनका ने केएल राहुल संग ‘तकरार’ पर दी सफाई, बोले- वो हमेशा मेरे लिए…
जब संजीव गोयनका थे मालिक तब-तब टीम के कप्तानों का प्रदर्शन
धोनी ने RPS की कप्तानी 2016 में की थी और टीम सातवें नंबर पर रही थी. वहीं केएल राहुल ने 2022 से 2024 के बीच लखनऊ की कप्तानी संभाली. 2022 और 2023 में लखनऊ की टीम तीसरे नंबर पर रही. 2024 में लखनऊ की टीम सातवें नंबर पर खिसक गई.
इसी वजह से 2025 में केएल राहुल की जगह कप्तान के तौर पर 27 करोड़ की कीमत में ऋषभ पंत आए, पर अब तक पंत अपनी कप्तानी से अब तक प्रभावित नहीं कर सके हैं. पंत के नेतृत्व में लखनऊ की टीम 2025 में सातवें नंबर पर रही. वहीं बल्ले से भी उन्होंने निराश किया.
| कप्तान | टीम | मैच | हार | जीत | रन |
| एमएस धोनी | RPS (2016) | 14 | 5 | 9 | 284 |
| केएल राहुल | LSG (2022-24) | 37 | 17 | 20 | 1395 |
| ऋषभ पंत | LSG (2025-अब तक) | 15 | 9 | 6 | 276 |
नोट: ये डाटा खिलाड़ियों के बतौर कप्तान के तौर का है
गोयनका का बयान, लखनऊ की टीम IPL 2026 में करेगी कमबैक
हालांकि, इस बार गोयनका का रुख सार्वजनिक तौर पर शांत दिखा. उन्होंने X (ट्विटर) पर लिखा- सीजन लंबा है, ऐसे पल टीम को मजबूत बनाते हैं. मुझे अपने कप्तान और टीम पर पूरा भरोसा है. हम वापसी करेंगे.
This is a long season, and moments like these are part of building something meaningful. I have full confidence in our captain and the team to respond with strength. To our fans, thank you for your support at Ekana today, we will come back stronger. The story of @LucknowIPL this… pic.twitter.com/iQvN8u4g1d
— Dr. Sanjiv Goenka (@DrSanjivGoenka) April 1, 2026
पंत का रोल अभी तय नहीं, क्या IPL में आगे ओपनिंग करेंगे?
मैच के बाद पंत ने खुद स्वीकार किया कि ओपनिंग करना या नहीं, इस पर अभी फैसला पक्का नहीं है. उन्होंने कहा- ये 50-50 कॉल है. इस मैच में पंत ओपनिंग करने उतरे थे, लेकिन सिर्फ 7 रन बनाकर रन आउट हो गए.
LSG vs DC के मुकाबले में क्या हुआ?
LSG की बल्लेबाजी पूरी तरह नाकाम रही. टीम सिर्फ 141 रन पर सिमट गई. पंत 7 रन, एडेन मार्करम 11 रन और निकोलस पूरन 8 रन बनाकर ले आए. शुरुआत से ही टीम दबाव में दिखी और कोई भी बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका. दिल्ली कैपिटल्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार प्रदर्शन किया. समीर रिजवी ने नाबाद 70, ट्रिस्टन स्टब्स नाबाद 39 बनाए. इन दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने 2.5 ओवर पहले ही मैच खत्म कर दिया.
—- समाप्त —-

