Thu. Mar 26th, 2026

किसान करें लाखों की कमाई

कम लागत में शुरू होने वाले टॉप 5 डेयरी बिजनेस1.webp

Published on: 26-Mar-2026

Updated on: 26-Mar-2026

विषय सूची

कम लागत में शुरू होने वाले टॉप 5 डेयरी बिजनेस

आज के समय में डेयरी से जुड़े बिजनेस कम निवेश में अधिक मुनाफा देने वाले साबित हो रहे हैं। दूध और उससे बने उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे यह क्षेत्र उद्यमियों के लिए आकर्षक बन गया है। खास बात यह है, कि इन बिजनेस को छोटे स्तर से शुरू करके धीरे-धीरे बड़े स्तर तक बढ़ाया जा सकता है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इनकी अच्छी संभावनाएं हैं। 

अगर आप डेयरी संबंधित व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, तो मेरीखेती के इस लेख में आज हम आपको पाँच ऐसे डेयरी से जुड़े व्यवसायों के बारे जानकारी प्रदान करेंगे जो आपको कम समय कम निवेश में अधिक मुनाफा देने में मददगार साबित होंगे। इन टॉप 5 बिजनेस में डेयरी प्रोडक्ट्स बिजनेस, आइसक्रीम बिजनेस, चॉकलेट बनाने का बिजनेस, दूध संग्रहण केंद्र और चारा बिजनेस शामिल है। 

डेयरी प्रोडक्ट्स बिजनेस की बढ़ती मांग

दूध, दही, छाछ, घी और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद हर घर की जरूरत हैं। इनकी मांग सालभर बनी रहती है, जिससे यह बिजनेस स्थिर आय का स्रोत बन सकता है। शुरुआत में छोटे स्तर पर उत्पादन करके स्थानीय बाजार में सप्लाई की जा सकती है। जैसे-जैसे ग्राहक बढ़ते हैं, आप उत्पादन और वितरण दोनों को बढ़ा सकते हैं।

सरकारी सहायता और सब्सिडी का लाभ

डेयरी बिजनेस शुरू करने के लिए सरकार भी कई योजनाएं चलाती है। नाबार्ड योजना के तहत डेयरी खोलने के लिए लोन पर सब्सिडी दी जाती है। सामान्य वर्ग को 25% प्रतिशत और अनुसूचित जाति/जनजाति को 33% प्रतिशत तक सब्सिडी मिल सकती है। इसके अलावा बैंक से 10 लाख रुपए तक का लोन भी उपलब्ध है, जिसके लिए एक सही प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करनी होती है।

आइसक्रीम बिजनेस में अवसर

आइसक्रीम बिजनेस खासकर गर्मियों में काफी तेजी से चलता है। दूध से बनी आइसक्रीम की कई फ्लेवर और वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं, जिससे ग्राहकों को आकर्षित करना आसान होता है। आप एक छोटा आइसक्रीम पार्लर खोलकर या मिनी प्लांट लगाकर इस बिजनेस की शुरुआत कर सकते हैं। अगर आप नए फ्लेवर और ऑर्गेनिक विकल्प देते हैं, तो आपकी बिक्री तेजी से बढ़ सकती है। भारत में आइसक्रीम को बहुत बड़ी संख्या में लोग खाना पसंद करते हैं। इसलिए अगर आप आइसक्रीम का व्यवसाय शुरू करते हैं तो यह आपके लिए काफी फायदे का विकल्प साबित होगा।  

चॉकलेट बनाने का लाभदायक व्यवसाय

चॉकलेट का बिजनेस भी तेजी से बढ़ रहा है, खासकर बच्चों और युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता बहुत अधिक है। इस क्षेत्र में बड़े ब्रांड्स के साथ-साथ छोटे लोकल ब्रांड भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। आप घर से ही चॉकलेट बनाना शुरू कर सकते हैं और धीरे-धीरे अपना ब्रांड स्थापित कर सकते हैं। इसके अलावा रॉ चॉकलेट बनाकर बड़ी कंपनियों को सप्लाई करना भी एक अच्छा विकल्प है। अगर आपने अच्छी क्वालिटी की चॉकलेट बनाकर बाजार में बेचना शुरू की तो आप काफी शानदार कमाई कर सकते हैं। 

दूध संग्रहण केंद्र से कमाई

दूध संग्रहण केंद्र खोलना भी एक बेहतरीन बिजनेस आइडिया है। इसमें आप स्थानीय किसानों से दूध खरीदकर बड़ी कंपनियों को सप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए आपको ऐसी जगह चुननी चाहिए जहां किसान और ग्राहक आसानी से पहुंच सकें। इस बिजनेस में कम कीमत पर दूध खरीदकर उसे बाजार मूल्य पर बेचकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। यह बिजनेस कम जोखिम और अधिक मुनाफे का एक शानदार जरिया है। 

चारा बिजनेस की बढ़ती जरूरत

पशुपालन के बढ़ते चलन के साथ चारे की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। खासकर गर्मियों में पशुओं के लिए हरे चारे की कमी हो जाती है। ऐसे में चारा उत्पादन और बिक्री का बिजनेस काफी फायदेमंद हो सकता है। आप लीज पर जमीन लेकर ढेंचा, जई, बरसीम, ज्वार, बाजरा और मक्का जैसी चारा फसलें उगाकर अच्छा लाभ कमा सकते हैं। पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता को बढ़ाने में चारे की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अगर आप पशु को संतुलित और पौष्टिक चारा खिलाओगे तो निश्चित रूप से पशु आपको अधिक दूध देगा। परिणामस्वरूप आपकी आय में भी वृद्धि होगी। 

सफल बिजनेस के लिए रणनीति

इन सभी बिजनेस में सफलता पाने के लिए सही योजना, गुणवत्ता और मार्केटिंग बहुत जरूरी है। शुरुआत छोटे स्तर से करें, लागत को नियंत्रित रखें और ग्राहकों की जरूरत के अनुसार प्रोडक्ट तैयार करें। यदि आप सही दिशा में मेहनत करते हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाते हैं, तो ये बिजनेस आपको लंबे समय तक अच्छा मुनाफा दे सकते हैं।

निष्कर्ष

भारत एक कृषि प्रधान देश है। यहां की अधिकांश आबादी कृषि व पशुपालन के माध्यम से ही अपनी आजीविका चलाती है। साथ ही, भारत डेयरी संबंधित उत्पादों का एक बड़ा उपभोक्ता है। ऐसे में मेरीखेती के इस लेख में बताए गए डेयरी संबंधित टॉप 5 व्यवसाय आपके लिए एक बेहतर आय का जरिया साबित हो सकते हैं। उपरोक्त टॉप 5 कृषि व्यवसायों को कर आप काफी अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। आप अपने क्षेत्र, रूची और बजट के अनुरूप व्यवसाय का चयन कर शुरू कर सकते हैं।    

मेरीखेति प्लैटफॉर्म आपको खेती-बाड़ी से जुड़ी सभी ताज़ा जानकारियां उपलब्ध कराता रहता है। इसके माध्यम से ट्रैक्टरों के नए मॉडल, उनकी विशेषताएँ और खेतों में उनके उपयोग से संबंधित अपडेट नियमित रूप से साझा किए जाते हैं। साथ ही वीएसटी, स्वराज, आयशर, न्यू हॉलैंड और मैसी फर्ग्यूसन जैसी प्रमुख कंपनियों के ट्रैक्टरों की पूरी जानकारी भी यहां प्राप्त होती है।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *