कुएं में गिरी कार; बच्चे सहित एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
नासिक/नासिक के दिंडोरी तालुका में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे कुएं में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक इंदोरे गांव के दरगुडे परिवार के सदस्य थे, जिनमें सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और बच्चे भी शामिल हैं। परिवार एक निजी कार्यक्रम (स्नेहसंमेलन) से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से कार और शवों को बाहर निकाला गया। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद मौके पर बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची।
क्यों हुआ ये हादसा?
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर का कार से नियंत्रण छूटने के कारण यह दुर्घटना हुई। फिलहाल दिंडोरी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। कार सड़क से फिसलकर सीधे पास के कुएं में जा गिरी. कुआं पानी से भरा हुआ था, जिसके कारण कार पूरी तरह उसमें डूब गई और अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके।
