Last Updated:
Bihar Politics News: राज्यसभा सदस्यता की शपथ लेने के बाद दिल्ली से लौटते ही नीतीश कुमार ने पटना में अपने आवास पर JDU के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई. बैठक में पार्टी की आगे की रणनीति, सरकार में भूमिका और संभावित बदलावों पर चर्चा होने की बात सामने आ रही है.

14 अप्रैल पर टिकी नजर, बिहार में सत्ता बदलाव की अटकलें तेज
पटना. बिहार की राजनीति बदलाव तय माना जा रहा है और इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक बुलाई. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली से लौटने के बाद नीतीश कुमार ने पटना स्थित अपने आवास पर जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की. इस बैठक को सामान्य नहीं माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि इसमें पार्टी की आगे की रणनीति, सरकार में भूमिका और संभावित बदलावों को लेकर चर्चा की गई. साथ ही नए चेहरों और मंत्रिमंडल के स्वरूप पर भी विचार किया गया.
पटना पहुंचते ही तेज हुई राजनीतिक हलचल
बता दें कि एनडीए में एक तरफ नए मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर मंथन चल रहा है, तो दूसरी ओर नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर भी सरगर्मी बढ़ गई है. इसी कड़ी में आज नीतीश कुमार के साथ जेडीयू के कई वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें नए मंत्रिमंडल के समीकरण पर विस्तार से चर्चा हो सकती है. माना जा रहा है कि जदयू की कोर टीम संभावित मंत्रियों के नामों पर विचार करेगी.
बैठक में क्या हो सकता है फैसला?
इस बार कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है, खासकर युवाओं और निशांत कुमार के करीब माने जाने वाले नेताओं को तरजीह मिलने की चर्चा है. वहीं पार्टी के अनुभवी और पुराने नेताओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और कई मौजूदा मंत्रियों को दोबारा मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है. सत्रों के अनुसार, नए और पुराने चेहरों के संतुलन के साथ मंत्रिमंडल का स्वरूप तय होने के संकेत मिल रहे हैं.
14 अप्रैल पर टिकी सबकी नजर
नीतीश कुमार के नेतृत्व में होने वाली जेडीयू की इस बैठक के बाद सबसे ज्यादा चर्चा 14 अप्रैल को लेकर हो रही है. राजनीतिक गलियारों में यह अटकलें हैं कि इसी दिन बिहार में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. कहा जा रहा है कि अगर कोई निर्णय होता है तो उसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है. हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
क्या बदल सकता है सत्ता समीकरण
अगर नेतृत्व में बदलाव होता है तो इसका असर पूरे सत्ता समीकरण पर पड़ेगा. ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि अगला नेतृत्व कौन संभालेगा और गठबंधन की स्थिति क्या रहेगी. राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह बैठक आने वाले समय की दिशा तय कर सकती है. फिलहाल सभी दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
नए चेहरे को लेकर भी चर्चा
बैठक के बाद यह भी चर्चा शुरू हो गई है कि पार्टी में नए चेहरों को आगे लाया जा सकता है. खासकर निशांत कुमार को लेकर चर्चाएं तेज हैं. माना जा रहा है कि उन्हें राजनीति में सक्रिय कर पार्टी भविष्य की रणनीति तैयार कर रही है. हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
मंत्री बोले- अभी कोई बदलाव नहीं
इन अटकलों के बीच बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि फिलहाल सरकार में किसी तरह के बदलाव की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सिर्फ चर्चाओं के आधार पर निष्कर्ष निकालना सही नहीं है. अगर कोई फैसला होगा तो वह आधिकारिक रूप से सामने आएगा.
अंदरखाने चल रहा मंथन
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि बैठक में संगठन को मजबूत करने और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की गई. अगर आगे चलकर कोई बड़ा फैसला लेना होता है, तो पार्टी पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ना चाहती है. इससे साफ है कि JDU अभी हर विकल्प पर विचार कर रही है.
About the Author

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें
