Last Updated:
बहादुरपुरा निवासी शुभम चौधरी को अपने खेत में एक काले रंग का बैग संदिग्ध हालत में पड़ा मिला. बैग को देखकर उन्हें शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने जिम्मेदारी दिखाते हुए तुरंत इसकी जानकारी गांव के सरपंच को दी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को बुला लिया. पुलिस ने जब बैग खोलकर देखा तो हैरान रह गई.

जम्मू के बहादुरपुरा में एक खेत से करीब 1.5 किलो ‘चिट्टा’ (हेरोइन) बरामद किया गया है.
जम्मू जिले के बिश्नाह क्षेत्र में पुलिस को नशीले पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है. थाना बिश्नाह के अंतर्गत आने वाले गांव बहादुरपुरा में एक कृषि खेत से करीब 1.5 किलोग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ ‘चिट्टा’ (हेरोइन) बरामद किया गया है. बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है.
पुलिस के अनुसार गांव बहादुरपुरा निवासी शुभम चौधरी को अपने खेत में एक काले रंग का बैग संदिग्ध हालत में पड़ा मिला. बैग को देखकर उन्हें शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने जिम्मेदारी दिखाते हुए तुरंत इसकी जानकारी गांव के सरपंच को दी. सरपंच ने मामले की सूचना पुलिस स्टेशन बिश्नाह को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए बैग को अपने कब्जे में ले लिया. शुरुआती जांच में बैग के अंदर करीब 1.5 किलो संदिग्ध चिट्टा (हेरोइन) पाया गया. पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतना बड़ा ड्रग्स का जखीरा इस इलाके तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे किन लोगों का हाथ हो सकता है. मामले में कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और संभावित तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
हाल के दिनों में जम्मू संभाग में नशे के खिलाफ अभियान के दौरान कई बड़ी बरामदगियां सामने आई हैं. कुछ महीने पहले सुरक्षा बलों ने आरएस पुरा सेक्टर में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई करीब 5.3 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई थी. इसके अलावा जम्मू पुलिस ने एक बड़े नार्को-टेरर नेटवर्क का भी भंडाफोड़ करते हुए करीब 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी और छह तस्करों को गिरफ्तार किया था.
इसी तरह अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने कई ड्रग पेडलरों को भी पकड़ा है. एक मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 550 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था, जिसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई गई थी. लगातार हो रही इन बरामदगियों से साफ है कि जम्मू क्षेत्र में ड्रग तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है, जिसे तोड़ने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T…और पढ़ें
