Wed. Mar 25th, 2026

चैत्र नवरात्र में माँ सर्वमंगला मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

hgfg

कोरबा। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर हसदेव नदी तट स्थित प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नवरात्र के नौ दिनों तक प्रतिदिन हजारों भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं सप्तमी तिथि पर आस्था का विशेष उत्साह देखने को मिला।

बुधवार को सुबह से ही श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना करते नजर आए। भक्तों की भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही।

मां सर्वमंगला मंदिर को जिले की प्रमुख आस्था स्थली माना जाता है। हिंदू नववर्ष के साथ शुरू हुए चैत्र नवरात्र में दूर-दराज से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर मंदिर पहुंचते हैं। सप्तमी के अवसर पर माता का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें आकर्षक पोशाक और भव्य आभूषणों से सजी देवी के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, अलग-अलग कतारों की व्यवस्था, पार्किंग सुविधा तथा सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

मंदिर के राजपुरोहित नन्हा महाराज ने बताया कि, सप्तमी और अष्टमी के दिन विशेष पूजा के कारण सबसे अधिक भीड़ रहती है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था पूरे नवरात्र अवधि में की गई है। नवरात्र के समापन तक लाखों श्रद्धालुओं के मां सर्वमंगला के दरबार में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *