बलरामपुर। जमीन विवाद को लेकर हुए झगड़े में एक युवक को लाठी-डंडे से पीटकर घायल करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 6 नवंबर को दोपहर के समय रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कालिकापुर में हुई थी। थाना रामचंद्रपुर पुलिस के द्वारा आज शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ग्राम कालिकापुर निवासी दरोगा यादव (40 वर्ष) का गांव के ही सुशील यादव (21 वर्ष) से भूमि कब्जे को लेकर विवाद हो गया। आरोपित दरोगा यादव ने सुशील यादव से कहा कि वह उसकी कब्जे की भूमि जबरन हटवा रहा है, इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई और मामला मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि दरोगा यादव ने लाठी-डंडे से सुशील यादव, अनिल यादव, रूपलाल यादव और लाल मोहन यादव पर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। हमले में सुशील यादव एवं अन्य के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह घायल हो गया। परिजनों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 48/2025 धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने 7 नवंबर को आरोपित दरोगा यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल बलरामपुर भेज दिया गया।
