Fri. Mar 6th, 2026

जशपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित बस निर्माणाधीन मकान में घुसी, 5 की मौत और 20 घायल

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तपकरा थाना क्षेत्र के गोड़अम्बा गांव के पास तेज रफ्तार यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक निर्माणाधीन मकान में घुस गई और फिर गड्ढे में पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, इस दुर्घटना में करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, अनमोल नाम की यह यात्री बस झारखंड के सिमडेगा जिले के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी के लिए शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे रवाना हुई थी। जब बस कुनकुरी से लगभग 14 किलोमीटर दूर हल्दीमुंड पंचायत के अंतर्गत आने वाले आश्रित ग्राम गोड़अम्बा के पास एक पुल के नजदीक पहुंची तभी चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे बने एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और वहां से फिसलते हुए पास के गड्ढे में पलट गई।

यह भी पढ़ें:UPSC 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी, राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर

दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। कुछ यात्री बस के नीचे दब गए थे जिन्हें निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। घायलों को तुरंत तपकरा और कुनकुरी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जबकि, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें:उज्जैन के महाकाल मंदिर के बाहर बेटी को पिता ने मारा चाकू, शादी को लेकर हुआ था विवाद

इस हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया ने भी तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायलों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और इलाज की व्यवस्था पर नजर रखी।

बस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दुलदुला (छत्तीसगढ़) निवासी बिमला (35) पत्नी महेश, गोरेया (झारखंड) निवासी केश्वर नायक (52), दुलदुला निवासी महेश्वर (50), दिगंबर (30) पिता दिलभजन और पांच माह के शिशु घनश्याम पिता दिलभजन के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें:सीहोर में डबल मर्डर से सनसनी, 10वीं की परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन को ताऊ ने लाठियों से पीटकर मार डाला

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *