संभल जिले में संभल-मुरादाबाद मार्ग पर शुक्रवार को केमिकल के ड्रमों से भरे एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कंटेनर से उठता काला धुआं आसमान में छा गया. हाईवे पर दौड़ते इस ‘बर्निंग ट्रक’ को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत चालक को रुकने का इशारा किया. इसके बाद लोगों ने साहस दिखाते हुए कंटेनर के अंदर रखे कई केमिकल ड्रमों को बाहर निकालकर बड़ा हादसा टालने का प्रयास किया. सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया.
इस दौरान केमिकल से भरे ड्रमों में विस्फोट जैसी स्थिति बनने लगी और आग ने विकराल रूप ले लिया. दमकलकर्मियों ने लगातार चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि इस दौरान ट्रक में रखा केमिकल खेतों में फैल गया और पास में मौजूद आलू की फसल भी आग की चपेट में आ गई.
यह भी पढ़ें: संभल में ऑनर किलिंग: दूसरे समुदाय के युवक से प्यार की भाई ने दी खौफनाक सजा, गला दबाकर की बहन की हत्या, फिर खुद किया पुलिस को फोन

सिरसी रेलवे क्रॉसिंग के पास शुरू हुई घटना
जानकारी के अनुसार, केमिकल के ड्रमों से भरा कंटेनर मुरादाबाद से संभल की ओर जा रहा था. जैसे ही कंटेनर सिरसी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा, लोगों ने उसमें से धुआं निकलता देखा और तुरंत चालक को सूचना दी. चालक ने कंटेनर को सड़क किनारे रोककर देखा तो अंदर रखे केमिकल ड्रमों में आग लगी हुई थी. स्थिति बिगड़ते देख चालक कंटेनर को खेतों की ओर ले गया, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और कंटेनर पूरी तरह आग की चपेट में आ गया.
आग लगने की सूचना मिलते ही हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. दमकलकर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन केमिकल ड्रमों के फटने से स्थिति और गंभीर हो गई. आग की लपटें तेज होती गईं और कंटेनर के साथ-साथ आसपास का क्षेत्र भी प्रभावित हुआ.
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू, पुलिस कर रही जांच
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कंटेनर से कई केमिकल ड्रम बाहर निकालने में मदद की. एक स्थानीय युवक ने बताया कि उन्होंने हाईवे पर दौड़ते कंटेनर से धुआं निकलते देखा था, जिसके बाद उन्होंने चालक को रोका और ड्रम बाहर निकालने में मदद की. हालांकि आग फैलने के बाद कंटेनर पूरी तरह जलकर खाक हो गया.
फिलहाल पुलिस कंटेनर से निकाले गए केमिकल ड्रमों की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ज्वलनशील केमिकल कहां से लाया जा रहा था और इसे कूलर की घास के नीचे छुपाकर क्यों ले जाया जा रहा था. पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं.
—- समाप्त —-
