धमतरी। महिला एवं बाल विकास विभाग के दिशा-दर्शन भ्रमण कार्यक्रम के तहत जिले की स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 80 महिलाओं को अध्ययन भ्रमण के लिए मध्यप्रदेश रवाना किया गया। नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने रविवार सुबह 11 बजे हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
यह भ्रमण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आजीविका कौशल को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। भ्रमण के दौरान महिलाएं मध्यप्रदेश के डिबौरी जिले में स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे मिलेट्स और फूड प्रोसेसिंग उत्पादों की तकनीक, मशीनों के उपयोग, मार्केटिंग व्यवस्था, बैंक लिंकेज और सब्सिडी से जुड़ी जानकारी हासिल करेंगी।
इस कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों की सक्रिय महिलाएं शामिल हैं, जो अपने समूहों के माध्यम से खाद्य उत्पादों का निर्माण कर रही हैं। इस अध्ययन भ्रमण से प्राप्त अनुभव उनके व्यवसाय को नई दिशा देने के साथ आय के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। महिलाएं 31 मार्च को भ्रमण पूर्ण कर लौटेंगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा और समन्वय के लिए प्रतिभा गोस्वामी, टिंकी साहू, प्रियंका साहू, कालिन्दी देशलहरे, आशा वर्मा और मोनिका साहू को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर पवन गजपाल, राजीव चंद्राकर, महेश मरकाम, उषाकिरण चंद्राकर, आनंद पाठक, यशवंत बैस सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
