Wed. Feb 11th, 2026

धरदेई तालाब में मिला युवक का शव, पहचान के लिए पुलिस ने जारी की तस्वीरें

23522af0a2cc69588097778eb7f925b2 1965815900

जांजगीर-चांपा। जिले के राहौद चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरदेई में तालाब से आज शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस ने उसकी तस्वीरें जारी कर आम नागरिकों से पहचान में सहयोग की अपील की है।

ग्रामीणों ने तालाब में एक युवक का शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना राहौद चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

मृतक की उम्र लगभग 25 से 35 वर्ष के बीच अनुमानित बताई जा रही है। युवक ने हरे रंग का स्वेटर और नीले रंग की शर्ट पहनी हुई है तथा हाथ में कड़ा भी है। हाथ पर एक टैटू का निशान भी बना हुआ है, जिससे पहचान में मदद मिलने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। राहौद चौकी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति जारी फोटो और हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान करता है तो तत्काल पुलिस से संपर्क करे, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। मामले की जांच जारी है।

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *