अहमदाबाद में नीदरलैंड्स संग बुधवार (18 फरवरी) को खेले जाने वाले ग्रुप मुकाबले से पहले भारत ने साफ कर दिया है कि वह किसी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है.
टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक (Sitanshu Kotak) ने कहा कि तेज गेंदबाजी के अगुवा जसप्रीत बुमराह को नीदरलैंड्स के खिलाफ आराम दिए जाने की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही है.
टीम इंडिया पहले ही सुपर-8 में अपनी जगह बना चुकी है, लेकिन टीम मैनेजमेंट टूर्नामेंट की लय बनाए रखना चाहता है. कोटक ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंगलवार को कहा- अभी ऐसा नहीं लगता कि बुमराह आराम करेंगे. अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा.
पाकिस्तान मैच में बुमराह का रहा था निर्णायक असर
हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में बुमराह ने सैम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा के विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया था. उनकी शुरुआती सफलताओं से पाकिस्तान की रनचेज बिखर गई और टीम इंडिया ने 61 रन की बड़ी जीत दर्ज की.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) की स्पोर्ट्स साइंस टीम लगातार बुमराह के वर्कलोड पर नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें रोटेट भी किया गया है.
अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर अपडेट
युवा ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) हाल ही में पेट की समस्या के कारण दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हुए थे और नामीबिया मैच नहीं खेल पाए थे. हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने वापसी की, लेकिन पहली ही ओवर में आउट हो गए.
कोटक ने उनका बचाव करते हुए कहा कि टीम इस प्रदर्शन का जरूरत से ज्यादा विश्लेषण नहीं करना चाहती. उन्होंने कहा- वह पूरी तरह ठीक नहीं थे. हम ओवरएनालिसिस नहीं करेंगे. वह अपने प्लान को लेकर क्लियर हैं.
ईशान किशन की मानसिकता की तारीफ
कोटक ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि किशन का आत्मविश्वास बचपन से ही उनकी ताकत रहा है और यही मानसिकता टी20 क्रिकेट में उन्हें अलग बनाती है. पाकिस्तान के खिलाफ उनकी अर्धशतकीय पारी जीत की नींव साबित हुई थी.
नीदरलैंड्स को हल्के में नहीं लेगा टीम इंडिया
टीम इंडिया का अगला मुकाबला नीदरलैंड्स से अहमदाबाद में होगा.कोटक ने साफ कहा कि इस टूर्नामेंट में उलटफेर लगातार देखने को मिले हैं, इसलिए कोई भी मैच आसान नहीं माना जा सकता.उन्होंने कहा- इस वर्ल्ड कप में हमने देखा है कि कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है. इसलिए हर मैच हमारे लिए महत्वपूर्ण है.
—- समाप्त —-