Fri. Mar 13th, 2026

भाजपा की चुनाव समिति ने बंगाल, केरल विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की

blank

भाजपा की चुनाव समिति ने बंगाल, केरल विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की

 नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल और केरल में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों पर चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार एक बैठक आयोजित की। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास पर आयोजित बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा और भाजपा की चुनाव समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन ऐसी खबरें हैं कि बैठक में पश्चिम बंगाल की लगभग 160 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की सूची पर व्यापक चर्चा हुई और लगभग 140 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों अंतिम रूप दिया गया। इससे पहले, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए नड्डा के आवास पर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शाह, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी उपस्थित थे। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति पश्चिम बंगाल की शेष सीटों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही फिर से बैठक करेगी। राज्य में विधानसभा की 294 सीटें हैं। सूत्रों के अनुसार, भाजपा की चुनाव समिति की बैठक में केरल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों और पार्टी के संभावित उम्मीदवारों पर भी विचार-विमर्श किया गया। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव अप्रैल में अलग-अलग तारीखों पर हो सकते हैं, जिसका कार्यक्रम जल्द ही घोषित होने की संभावना है।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *