भूपेश बघेल ने कहा कि पहले तो मुझे बड़ा अचंभा हुआ लेकिन अब जब कड़ियाँ जुड़ रही हैं तो समझ आ रहा है कि कमल के फूल वाली पार्टी के नेता अपने 10 एकड़ खेत में अब अफ़ीम के पौधे और फूल उगा रहे हैं।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भाजपा नेता विनय ताम्रकार को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। बिना ताम्रकार पर अवैध रूप से अफीम की खेती करने का आरोप है। दुर्ग के समुदाय स्थित फार्महाउस में डेढ़ एकड़ से ज्यादा जमीन पर अफीम की अवैध रूप से खेती करते पकड़े जाने के बाद पार्टी ने यह कार्रवाई की है। भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती के बाद प्रदेश में सियासी हलचल भी तेज है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की खेती होने वाले खेत में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा नेता का फार्महाउस करीब 150 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें चारागाह की भूमि भी शामिल है। बघेल ने आरोप लगाया कि आरोपी का सांसद, विधायक और कलेक्टर के साथ उठना बैठना है जिसके चलते प्रशासन की कार्रवाई नहीं होती।
भूपेश बघेल ने आगे कहा कि पहले नशा पंजाब और अन्य राज्यों से सप्लाई होता था, लेकिन अब दुर्ग जिले में ही अफीम की खेती शुरू हो गई है और इसकी नेटवर्क कितनी फैली है, इसकी जांच होनी चाहिए है। पूर्व मुख्यमंत्री ने एक एक्स पोस्ट में लिखा कि सुशासन’ मतलब ‘सूखा नशा आसन’। बघेल ने कहा कि कुछ दिन पहले विधानसभा में मैंने सूखे नशे के विषय में गृहमंत्री विजय शर्मा से कुछ सवाल किए थे और गृहमंत्री गोलमोल जवाब देते नजर आए थे।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि सूखे नशे की तस्करी में लिप्त नव्या मलिक, जिसका नाम प्रदेश का बच्चा-बच्चा जानता है, उसका जिक्र सरकार की लिस्ट में था ही नहीं। पहले तो मुझे बड़ा अचंभा हुआ लेकिन अब जब कड़ियाँ जुड़ रही हैं तो समझ आ रहा है कि खेल बड़ा है। कमल के फूल वाली पार्टी के नेता अपने 10 एकड़ खेत में अब अफ़ीम के पौधे और फूल उगा रहे हैं। अवैध नशीला पदार्थ हेरोइन का निर्माण भी इसी अफ़ीम के पौधे से होता है। इसी हेरोइन की सप्लायर नव्या मलिक भी थी। लेकिन नव्या मलिक अचानक से सरकार की सूची से बाहर कैसे हो गई?
उन्होंने पूछा कि क्या नव्या मलिक और भाजपा के सूखे नशे की फ़ैक्ट्री में भी कोई कनेक्शन है? क्या वो भाजपा की फ़ैक्ट्री के प्रोडक्ट की मार्केटिंग का काम कर रही थी? अफ़ीम की इस खेती में कौन-कौन मंत्री/अधिकारी शामिल हैं? नव्या मलिक का नाम सरकार की लिस्ट से किसने बाहर किया? नव्या मलिक कितने बार विदेश गई और किसके साथ विदेश गई? बघेल ने यह भी जानकारी मांगी है कि आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार मुख्यमंत्री निवास में कब-कब आया है?
समोदा गांव के खेत में अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे हैं। खेत में अफीम की जांच की जा रही है। इधर, मामला तूल पकड़ने के बाद अफीम की खेती करने वाले भाजपा नेता विनय ताम्रकार को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है।
