Shekhar Ganguly Highway Hero: जमशेदपुर के चांडिल प्रखंड के रहने वाले शेखर गांगुली आज झारखंड में ‘हाईवे किंग’ के नाम से मशहूर हैं. यह पहचान उन्हें किसी खिताब से नहीं, बल्कि 500 से अधिक सड़क हादसों में घायल लोगों की जान बचाने के जुनून से मिली है. शेखर अब तक करीब 300 लोगों को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल चुके हैं. शेखर के इस सफर की शुरुआत 2012 में उनके खुद के एक भीषण एक्सीडेंट से हुई थी, जहां घंटों सड़क पर तड़पने के बाद उन्हें समय पर इलाज मिला और नई जिंदगी मिली. उसी दिन उन्होंने प्रण लिया कि वे किसी और को सड़क पर दम नहीं तोड़ने देंगे. उनका जज्बा ऐसा है कि अपनी शादी की हल्दी की रस्म बीच में छोड़कर भी वे घायल की जान बचाने हाईवे पर दौड़ पड़े थे. बिना किसी सरकारी मदद या पुरस्कार की लालसा के, शेखर दिन-रात हाईवे पर देवदूत बनकर मुस्तैद रहते हैं. आज वे युवाओं के लिए प्रेरणा हैं. सुरक्षित ड्राइविंग की अपील करते हैं. शेखर की यह कहानी साबित करती है कि निस्वार्थ सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है.

