नई दिल्ली. हजारों फीट ऊंचे हिमालयी मोर्चों पर जहां हवा भी दुश्मन बन जाती है और ज़मीन किसी भी पल धोखा दे सकती है, भारतीय सेना ने एक ऐसा गेम-चेंजर पेश किया है जिसने दुर्गम इलाकों की पूरी लॉजिस्टिक्स तस्वीर बदल दी है. सेना ने हाई-एल्टीट्यूड मोनोरेल सिस्टम विकसित कर यह साबित कर दिया है कि चाहे भौगोलिक चुनौतियां कितनी भी भयावह क्यों न हों, भारत की सैन्य क्षमता उन्हें मात देने का माद्दा रखती है.
ये वही इलाके हैं – बर्फीली ढलानें, माइनस तापमान, अनिश्चित तूफ़ान और मौत से भरे ग्लेशियर – जहां किसी भी मौसम में सप्लाई लाइन टूट जाना आम बात है. लेकिन इस बार सेना ने दुर्गमता को उसके ही घर में चुनौती दी है. यह मोनोरेल सिस्टम अब अग्रिम चौकियों तक हथियार, गोला-बारूद और रसद ऐसे पहुंचाएगा, मानो इन पहाड़ों पर भारतीय सेना ने अपना दबदबा एक कदम और बढ़ा दिया हो.
किसी भी मौसम में करेगा काम
सेना का दावा भी पूरी तरह दमदार है – यह सिस्टम 24×7, किसी भी मौसम में, ओलावृष्टि से लेकर बर्फीले तूफान तक, बिना किसी एस्कॉर्ट के सुरक्षित रूप से ऑपरेट किया जा सकता है. यानी अब वे चौकियां, जो बर्फ़ की मोटी परतों के कारण हफ्तों दुनिया से कट जाती थीं, पहली बार पूरी तरह सप्लाई-सिक्योर होंगी. यह उस दुश्मन के लिए भी स्पष्ट संदेश है जो यह मान बैठा था कि ऊंचे पहाड़ भारतीय सैनिकों की रफ्तार रोक सकते हैं.

मेडिकल इवैक्यूएशन का भी नया हथियार
इतना ही नहीं, यह मोनोरेल सिस्टम अब हाई-एल्टीट्यूड बैटल जोन में मेडिकल इवैक्यूएशन का भी नया हथियार बनकर उभरा है. जहां हेलिकॉप्टर मौसम की मार झेलकर उड़ान नहीं भर सकते, वहां से यह सिस्टम घायल जवानों को मिनटों में सुरक्षित निकाल सकती है. पैदल निकासी जहां जानलेवा धीमी साबित होती थी, वहीं यह सिस्टम जीवनरक्षक गति लेकर आया है.
गजराज कोर ने बनाया मोनो रेल
कामेंग जैसे 16,000 फीट ऊंचे क्षेत्र, जहां बर्फ़, हवाएं और पहाड़ तीनों मिलकर किसी भी सैन्य ऑपरेशन को चुनौती देते हैं… वहीं गजराज कोर ने इस हाई-एल्टीट्यूड मोनोरेल इनोवेशन से यह दिखा दिया है कि भारतीय सेना सिर्फ लड़ाई ही नहीं लड़ती, बल्कि कठिन से कठिन भूगोल को भी मात देने की तकनीक विकसित करती रहती है. यह सिर्फ एक मोनोरेल नहीं, हिमालयी मोर्चों पर भारतीय सेना की नई तेज़ रफ्तार, नई ताकत और नई रणनीतिक बढ़त है.

300 किलो से अधिक भार ढोने में सक्षम है
सेना के मुताबिक ऐसे इलाकों में फॉरवर्ड पोस्ट्स कई दिनों तक बर्फ के कारण कट जाती हैं और पारंपरिक परिवहन साधन अक्सर विफल हो जाते हैं, जिससे आवश्यक सामग्री पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बनी रहती है. इन्हीं परिचालन आवश्यकताओं को देखते हुए गजराज कोर ने स्वदेशी हाई-एल्टीट्यूड मोनोरेल सिस्टम को डिजाइन, विकसित और तैनात किया है. यह सिस्टम अब पूरी तरह परिचालन-योग्य है और 16,000 फीट पर लॉजिस्टिक सपोर्ट का स्वरूप बदल रहा है. यह अनोखा मोनोरेल सिस्टम एक बार में 300 किलोग्राम से अधिक भार ढोने में सक्षम है.
सेना के लिए कई स्थानों पर उपयोगी
सेना के अनुसार, यह सिस्टम उन दुर्गम पोस्टों के लिए जीवनरेखा साबित हो रहा है, जहां न तो सड़क संपर्क है और न ही कोई अन्य संचार या आपूर्ति का साधन. इसके माध्यम से आवश्यक सैन्य सामग्री, गोला-बारूद, राशन, ईंधन, इंजीनियरिंग उपकरण, और भारी व असुविधाजनक लोड को आसानी से ढलानों और अस्थिर सतहों पर पहुंचाया जा सकता है.

सेना की गजराज कोर की यह इन-हाउस तकनीकी उपलब्धि सेना परिचालन तत्परता को बढ़ाती है व हाई-एल्टीट्यूड पोस्टों की स्थायित्व क्षमता मजबूत करती है. यह पहल भारतीय सेना की चुनौतीपूर्ण समस्याओं का व्यावहारिक, मिशन-केंद्रित समाधान खोजने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. कमेग हिमालय जैसे कठिन क्षेत्रों में संचालन के लिए यह नवाचार भारतीय सेना की अनुकूलन क्षमता, अभिनव सोच और अदम्य जज्बे का प्रमाण है.
