Thu. Mar 5th, 2026

रशियन को देखकर मचल जाता है मन, झट से उठा लेते हैं कैमरा तो संभल जाएं जरा, होगा बड़ा पछतावा

Goa Beach 2026 02 6bb3d27153cd1810861a5afc18f80997

गोवा के बीच, नीला समंदर और रूस, अमेरिका, इंग्लैंड से विदेशी सैलानी… लेकिन अब अगर किसी ने बिना इजाजत कैमरा उठाया और उनके साथ सेल्फी ली या वीडियो बनाई, तो गोवा की सैर नहीं सीधे पुलिस की हिरासत तय है. विदेशी महिला पर्यटकों के साथ लगातार सामने आ रहे छेड़छाड़ और प्राइवेसी के उल्लंघन के मामलों के बाद गोवा पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है.

बीते कुछ दिनों में सामने आए कई वीडियो और शिकायतों के बाद गोवा पुलिस ने साफ कर दिया है कि बिना सहमति फोटो या वीडियो बनाना अब मजाक नहीं, सीधा अपराध माना जाएगा. खासकर विदेशी महिलाओं को निशाना बनाकर जबरन सेल्फी लेने, वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर डालने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है.

पर्यटकों पर गोवा पुलिस का एक्शन

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी कड़ी में शुक्रवार को नॉर्थ गोवा के बागा बीच पर पुलिस ने तमिलनाडु से आए दो पुरुष पर्यटकों को हिरासत में लिया. आरोप है कि ये दोनों पर्यटक विदेशी सैलानियों की बिना इजाजत फोटो खींच रहे थे और उन्हें परेशान कर रहे थे. पुलिस ने दोनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत डिटेन किया, जिसके तहत बिना वारंट गिरफ्तारी का अधिकार पुलिस को मिलता है.

इससे एक दिन पहले कैलंगुट बीच पर एक और गंभीर मामला सामने आया. यहां अलिस्टो लोबो नाम के शख्स पर आरोप है कि उसने एक विदेशी महिला पर्यटक का स्वीमिंग करते वक्त बिना सहमति वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पुलिस का कहना है कि इस हरकत से न सिर्फ महिला की गरिमा को ठेस पहुंची बल्कि गोवा की पर्यटन छवि भी धूमिल हुई.

इतना ही नहीं, इसी हफ्ते ओडिशा से आए दो पर्यटकों को भी एक रूसी महिला को परेशान करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था. लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.

अब कोई नरमी नहीं

गोवा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें दूसरे राज्यों से आए कुछ पर्यटक विदेशी महिलाओं को जबरन सेल्फी के लिए मजबूर करते या उन्हें घेरकर परेशान करते दिखे. अधिकारी ने साफ शब्दों में कहा, ‘अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी. बिना सहमति फोटो या वीडियो बनाना सीधे तौर पर निजता का उल्लंघन है. ऐसे लोगों को 24 घंटे की प्रिवेंटिव हिरासत में लिया जाएगा. अगर ये घटनाएं बढ़ीं, तो इससे गोवा जैसे पर्यटन राज्य की छवि को भारी नुकसान पहुंचेगा.’

पुलिस ने खासतौर पर नॉर्थ गोवा के बीचों पर पेट्रोलिंग तेज कर दी है. सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई हो सके.

टूरिस्ट सीजन में पुलिस का बढ़ा पहरा

गौरतलब है कि टूरिस्ट सीजन की शुरुआत में ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे. नवंबर 2025 में अरामबोल बीच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग विदेशी महिलाओं के साथ जबरन फोटो खींचते और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आए थे. उस मामले में भी पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था.

इससे पहले अक्टूबर 2025 में नॉर्थ गोवा के एक बीच पर 19 साल की छात्रा ने अपने साथ हुई छेड़छाड़ की दर्दनाक कहानी साझा की थी. पीड़िता ने आरोप लगाया था कि एक व्यक्ति ने उसकी नस्ल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और यहां तक पूछ लिया कि वह ‘एक रात का कितना चार्ज लेती है.’ इस मामले में राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था.

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद गोवा पर्यटन विभाग ने भी पुलिस को पत्र लिखकर बीचों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी. विभाग ने साफ कहा था कि पर्यटकों की सुरक्षा और सम्मान गोवा की प्राथमिकता है. अब गोवा पुलिस का संदेश बिल्कुल साफ है… बीच पर घूमना है तो घूमिए, समंदर देखना है तो देखिए, लेकिन किसी महिला को देखकर कैमरा उठाने से पहले सौ बार सोचिए. वरना छुट्टी नहीं, पछतावा मिलेगा.

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *