पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को नई गीदड़भभकी दी है. उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी सैन्य टकराव का पाकिस्तान तेज, संतुलित और निर्णायक जवाब देगा. उनका यह बयान पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर की पहली बरसी से ठीक पहले आया है. ख्वाजा आसिफ की यह प्रतिक्रिया भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी थी कि वह ईरान युद्ध की आड़ में किसी गलत कदम की कोशिश न करे.
राजनाथ सिंह ने कहा था कि अगर पाकिस्तान ऐसी कोई हरकत करता है, तो भारत की प्रतिक्रिया अभूतपूर्व और निर्णायक होगी. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को याद दिलाया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है. केरल में एक कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर महज 22 मिनट में पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था. भारत ने यह ऑपरेशन 22 अप्रैल, 2025 को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों द्वारा 25 पर्यटकों की हत्या के 14 दिनों बाद 7 मई की सुबह शुरू किया था.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए ख्वाजा आसिफ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान को एक पैटर्न का हिस्सा बताया. उन्होंने कहा, ‘ऐसी बयानबाजी ताकत नहीं, बल्कि रणनीतिक चिंता को दर्शाती है, खासकर जब पहलगाम हमले की बरसी नजदीक आ रही है. इस तरह की धमकियां नई नहीं हैं. यह एक तयशुदा रणनीति का हिस्सा है, जिसमें आंतरिक कमजोरियों को छिपाने और राजनीतिक हितों के लिए तनाव बढ़ाने की कोशिश की जाती है.’
NDA सरकार ने सुरक्षा मामलों में अपने attitude and action दोनों को बदला है, जिसकी झलक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में स्पष्ट देखने को मिली। भारत के खिलाफ अगर कोई Misadventure हुआ तो Decisive action होगा। pic.twitter.com/97m2vBZyap
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) April 2, 2026
ख्वाजा आसिफ ने गीदड़भभकी देते हुए कहा, ‘अगली बार हमारा जवाब और ज्यादा ताकतवर और निर्णायक होगा. इसमें कोई भ्रम नहीं होना चाहिए कि पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है.’ बता दें कि पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था, जिसके चलते चार दिनों तक सैन्य टकराव हुआ था. भारत ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था.
इसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर ड्रोन और मिसाइल हमले करने की असफल कोशिश की थी. जवाब में भारत ने पाकिस्तान के 12 एयरबेस पर बमबारी करके उसे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था. पाकिस्तान के कुछ अब एयरबेस अब भी मरम्मत के दौर से गुजर रहे हैं. यह संघर्ष 10 मई को युद्धविराम के साथ समाप्त हुआ, जब पाकिस्तान ने भारत से सीजफायर की गुहार लगाई. भारत ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के साथ दशकों पुराना सिंधु जल समझौता भी निलंबित कर दिया.
—- समाप्त —-
