
आईपीएल : इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स की टीम अपना चौथा मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला। इस मैच को राजस्थान की टीम 6 विकेट से एकतरफा अपने नाम करने में कामयाब रही जिसमें उनकी इस सीजन में ये लगातार चौथी जीत है। राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतने के बाद इस मैच में पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। आरसीबी की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 201 रनों का स्कोर बनाया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम ने एक समय 125 के स्कोर तक अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद उनके कप्तान रजत पाटीदार ने 63 रनों की तो वहीं इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में शामिल किए गए वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 29 रनों की पारी खेलने के साथ टीम के स्कोर को 20 ओवर्स में 201 तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और ब्रजेश शर्मा ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा संदीप शर्मा और रवींद्र जडेजा 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।
राजस्थान रॉयल्स जब इस मुकाबले में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उन्होंने 21 के स्कोर पर अपना पहला विकेट यशस्वी जायसवाल के रूप में गंवा दिया था, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर पहले 6 ओवर्स में धुआंधार बल्लेबाजी करने के साथ मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। वैभव ने इस मैच में सिर्फ 26 गेंदों में 78 रनों की पारी खेली। वहीं उनके पवेलियन लौटने के बाद ध्रुव जुरेल ने एक छोर से पारी को संभाले रखा और राजस्थान रॉयल्स को इस मैच में 18 ओवर्स में 6 विकेट से जीत दिलाकर वापस लौटे। ध्रुव जुरेल के बल्ले से इस मैच में 43 गेंदों में 81 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और तीन छक्के लगाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा के बल्ले से भी 25 गेंदों में 24 रनों की पारी देखने को मिली।
राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट से मुकाबला किया अपने नाम
आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 202 रनों के टारगेट का पीछा 18 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर करते हुए इस सीजन में लगातार अपनी चौथी जीत को हासिल किया है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के लिए जीत में वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल ने अहम भूमिका निभाई।
