Sat. Mar 7th, 2026

शराब के नशे में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी पति गिरफ्तार

murder title

छत्तीसगढ़:  घटना मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के चनवारीडार वार्ड क्रमांक-1 की बताई जा रही है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम राजू पेंटर और उसकी पत्नी सुब्रतिया के बीच विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों सुबह से ही शराब के नशे में थे और इसी दौरान उनके बीच लगातार झगड़ा होता रहा. शाम के समय घर के पास स्थित एक कुएं के पास दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई.

झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी पति राजू पेंटर ने अपनी पत्नी का साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के बाद वह वहीं बैठा रहा. इस पूरे मामले की जानकारी मृतका के बेटे मुकेश सिंह ने पुलिस को दी. बेटे ने थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई.

सूचना मिलते ही मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आरोपी पति राजू पेंटर को हिरासत में ले लिया. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी.

कोतवाली प्रभारी दीपेश सैनी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं.

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी दोनों शराब पीने के आदी थे और अक्सर उनके बीच इसी वजह से विवाद होता रहता था. हालांकि हत्या के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है. 

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *