‘इंडियॉज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना ने वापसी की है। उन्होंने अपना पहला स्टैंड-अप कॉमेडी स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ रिलीज किया है। इस वीडियो में समय रैना ने ‘इंडियॉज गॉट लेटेंट’ विवाद के दौरान उन पर कमेंट करने वाले लोगों को एक-एक करके जवाब दिया है। इसी क्रम में उन्होंने टीवी के शक्तिमान यानी मुकेश खन्ना के कमेंट पर भी पलटवार किया। समय रैना का ये जवाब वायरल होने के बाद अब मुकेश खन्ना ने एक बार फिर समय रैना पर निशाना साधा है। अभिनेता ने समय रैना को गधे पर मुंह काला करके बैठने लायक बताया है।
समय रैना ने मुकेश खन्ना पर किया था पलटवार
‘इंडियॉज गॉट लेटेंट’ पर रणवीर अल्लाहबादिया के भद्दे कॉमेंट्स के बाद समय रैना की जमकर आलोचना हुई। इस दौरान मुकेश खन्ना और बी प्राक समेत कई सेलेब्स ने भी समय रैना की आलोचना करते हुए उन पर निशाना साधा था। अब समय रैना ने लगभग एक साल बाद अपने नए वीडियो में उन सभी सेलेब्स को जवाब दिया है, जिन्होंने उस मुश्किल वक्त में उनकी आलोचना की थी।
इसी दौरान समय रैना ने मुकेश खन्ना पर भी निशाना साधते हुए कहा, ‘शक्तिमान कह रहे थे कि ऐसे कंटेंट का बच्चों पर क्या असर पड़ेगा। भाई, जब शक्तिमान आता था, तब हर दूसरे महीने खबर आती थी कि किसी बच्चे ने शक्तिमान समझकर छत से छलांग लगा दी। आपने तो बच्चे मारे हैं, आप क्या बोल रहे हो?’
