बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय परिसर में आज बुधवार को युवा कुशवाहा संगठन शक्ति के तत्वाधान में चक्रवर्ती सम्राट अशोक की 2330वीं जयंती बड़े ही धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोती कुशवाहा, हरिवंश कुशवाहा, राजेश्वर मेहता, रामानुजगंज ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा, लेखापाल सूर्य प्रताप कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सम्राट अशोक एवं भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राज्यगीत गाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर राजेश्वर मेहता ने समाज में भाईचारा बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि आपसी एकता और सद्भाव से ही समाज मजबूत होता है। वहीं हरिवंश कुशवाहा ने सम्राट अशोक के जीवन और उनके विशाल साम्राज्य की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अखंड भारत की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कई देशों तक अपना प्रभाव स्थापित किया।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी सम्राट अशोक के वंशज हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता एवं समरसता कायम कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष आकर्षण 3 वर्षीय बालिका एंजल कुशवाहा रही, जिसने राष्ट्रगान, राज्यगीत एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रार्थना प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उसकी प्रतिभा से प्रभावित होकर मुख्य अतिथियों ने उसे पुरस्कार एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
जयंती के उपलक्ष्य में युवा कुशवाहा संगठन शक्ति द्वारा रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में मरीजों, उनके परिजनों एवं स्टाफ को फल वितरण किया गया तथा सम्राट अशोक के जीवन एवं योगदान की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने एकजुटता का संदेश दिया।
