Thu. Mar 19th, 2026

हाजिर चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, 15 हजार रुपये से अधिक की कमजोरी

14368af6ef4fa466d68f0ee2d9796b99 51777556

नई दिल्ली। घरेलू सर्राफा बाजार में हाजिर चांदी के भाव में आज जबरदस्त गिरावट का रुख बना हुआ है। आज चांदी ने दस हजार रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक टूट कर कारोबार की शुरुआत की थी। दिन के कारोबार में इस चमकीली धातु की कीमत की कमजोरी और बढ़ती चली गई।

दोपहर बारह बजे तक कारोबार होने के बाद चांदी के भाव में बुधवार के मुकाबले 15,100 रुपये प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट आ चुकी थी। भाव में आई इस गिरावट के कारण देश के अलग अलग सर्राफा बाजारों में आज चांदी 2,59,800 रुपये प्रति किलोग्राम से लेकर 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक के भाव पर बिक रही है।

दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी आज 15,100 रुपये प्रति किलोग्राम फिसल गई, जिसके कारण ये चमकीली धातु आज दोपहर बारह बजे 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही थी। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में चांदी 2,59,800 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही है।

जबकि जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 2,60,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है। बेंगलुरु में चांदी 2,60,300 रुपये के स्तर पर और पटना तथा भुवनेश्वर में 2,59,900 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है।

इसके अलावा हैदराबाद में चांदी 14,900 रुपये प्रति किलोग्राम की कमजोरी के साथ 2,64,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बिक रही है। देश में चांदी की सबसे अधिक कीमत आज चेन्नई में है, जहां ये चमकीली धातु आज 15,000 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती होकर 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर दुनिया भर के बाजारों पर पड़ रहा है। इस तनाव के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ ही घरेलू सर्राफा बाजार तक सोना और चांदी दोनों ही चमकीली धातुओं की कीमत में गिरावट का रुख बना हुआ है।

आम तौर पर युद्ध या तनाव के दौरान सेफ इन्वेस्टमेंट इंस्ट्रूमेंट के रूप में निवेशक सोने और चांदी में अपना निवेश बढ़ा देते हैं। ऐसा होने पर इन दोनों चमकीली धातुओं की कीमत में आमतौर पर तेजी का रुख बन जाता है, लेकिन फिलहाल डॉलर की मजबूती और बढ़ते बॉन्ड यील्ड के कारण सोना और चांदी के प्रति निवेशकों के रुझान में कमी आई है।

फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग की तुलना में सप्लाई बढ़ गई है, जिसके कारण इन दोनों चमकीली धातुओं पर दबाव बन गया है। मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन का कहना है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक स्तर पर मची हलचल ने स्टॉक मार्केट के साथ ही बुलियन मार्केट पर भी काफी असर डाला है।

लगातार बढ़ रहे तनाव की वजह से बुलियन मार्केट में भी आने वाले दिनों में लगातार उतार चढ़ाव जारी रह सकता है, क्योंकि वैश्विक माहौल फिलहाल अनिश्चित बना हुआ है। ऐसी स्थिति में सोना और चांदी में निवेश करने के इच्छुक लोगों को मार्केट एक्सपर्ट्स या निवेश सलाहकारों से चर्चा करने के बाद ही अपनी निवेश योजना को अंतिम रूप देना चाहिए।

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *