12:18 PM, 04-Feb-2026
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित, हंगामे पर बरसे स्पीकर
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने विपक्षी दलों की नारेबाजी के बीच आज लोकसभा में अपना पूरा बयान पढ़ा। उन्होंने अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के संबंध में कहा कि किसानों और पशुपालकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। गोयल ने इस बात पर लगातार जोर दिया कि देश के हितों के साथ समझौता कर लेने जैसे आरोप बेबुनियाद हैं। विपक्ष जानबूझकर संसदीय गरिमा के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
12:05 PM, 04-Feb-2026
लोकसभा में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का बयान

लोकसभा में पीयूष गोयल
– फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- @संसद टीवी
अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर लोकसभा में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सरकार की तरफ से आधिकारिक बयान दिया। उन्होंने बताया कि भारत के हितों के साथ समझौता नहीं किया गया है। सरकार किसानों और देश के कारोबारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले गोयल ने मंगलवार को भी इस विषय पर प्रेस वार्ता की थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते में देशहित से समझौता नहीं होने दिया है।
11:05 AM, 04-Feb-2026
लोकसभा में हंगामे के दौर जारी, कार्यवाही चंद मिनटों में स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही
– फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- @संसद टीवी
लोकसभा में सरकार के खिलाफ नारेबाजी और विपक्षी दलों की तरफ से हंगामे के दौर जारी है। स्पीकर ओम बिरला को सदन की कार्यवाही चंद मिनटों में ही स्थगित करनी पड़ी। बुधवार को प्रश्नकाल शुरू होने के बाद पीएमजीकेएवाई और जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के असर को लेकर झारखंड से निर्वाचित भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सवाल पूछा। इस बीच नारेबाजी का दौर जारी रहा। हंगामे के बीच ही केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया ने सवाल का जवाब दिया। स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही संचालन में मदद की अपील की और कहा कि मर्यादित आचरण करते हुए संसद की गरिमा बनाए रखना सभी सांसदों का दायित्व है। हंगाना न थमने के कारण उन्होंने सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया। राज्यसभा में कार्यवाही जारी है।
07:24 AM, 04-Feb-2026
Sansad Budget Session LIVE: लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के कारण दो बजे तक स्थगित, राज्यसभा में प्रश्नकाल जारी
ये भी पढ़ें- Parliament Budget Session: लोकसभा में राहुल के बयान पर हंगामा, कार्यवाही स्थगित; राज्यसभा में हुई चर्चा
राहुल गांधी के बयान पर हंगामा, आठ लोकसभा सांसदों को निलंबित किया गया
लोकसभा में हंगामे के बाद कांग्रेस सांसद और सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि विपक्ष के नेता को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। हंगामे और शोरगुल के बीच लोकसभा के वेल में घुसकर स्पीकर के आसन की तरफ कागज उछालने वाले आठ सांसदों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही भी की गई। मंगलवार दोपहर करीब 3.03 बजे सात कांग्रेस और एक सीपीएम सांसद को पूरे बजट सत्र से निलंबित कर दिया गया। पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने तीन बजे कार्यवाही शुरू होने के बाद आठों सांसदों के नामों का उल्लेख किया। इसके बाद संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने प्रस्ताव रखा कि संसदीय मर्यादा को तार-तार करने वाले इन आठ सांसदों को नियमों के अंतर्गत पूरे सत्र से निलंबित कर दिया जाए।
ये भी पढ़ें- संसद में टूटी मर्यादा: लोकसभा स्पीकर के आसन की ओर कागज उछालने वाले आठ सांसद निलंबित, कार्यवाही कल तक स्थगित
