Fri. Feb 13th, 2026

Weather Update:मौसम की दोहरी मार, पहाड़ों पर बर्फ और मैदानों में बढ़ी गर्मी; समुद्र में तूफानी हवाओं का अलर्ट – Weather Update Snow Rainfall In Mountains Increased Heat In Plain Areas Stormy Winds Alert In Sea

himachal weather 9021b6207f7246ca0de740cc50190986

फरवरी के दूसरे हफ्ते में देश का मौसम एक साथ कई रूप दिखा रहा है। पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं, जबकि मैदानी इलाकों में दिन का तापमान बढ़ने लगा है। कुछ तटीय इलाकों में समुद्र के ऊपर तेज और तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। अलग-अलग मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है।

सक्रिय मौसमी सिस्टम से बदला पैटर्न

मौसम विभाग के अनुसार इस समय देश के ऊपर कई मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम तेज रफ्तार से बह रही है। यह ऊपरी वायुमंडल में चलने वाली तेज हवा की धारा है, जो मौसम को सीधे प्रभावित करती है। इसकी रफ्तार करीब 125 नॉट बताई गई है और यह लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके कारण पूर्वोत्तर राज्यों के मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

पश्चिमी हिमालय में दो नए पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग ने बताया है कि पहले सक्रिय रहा पश्चिमी विक्षोभ अब आगे बढ़ चुका है और उसका असर कमजोर पड़ गया है। लेकिन अब दो नए पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। पहला सिस्टम 13 फरवरी से और दूसरा 16 फरवरी से सक्रिय होगा। इनके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में 13, 16 और 17 फरवरी को बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। 16 और 17 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फ गिरने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें- चिनाब के पानी को लेकर तरस रहा पाकिस्तान! भारत की इस परियोजना को लेकर लिखा पत्र; जानिए सबकुछ

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और कोहरे का असर

पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर असम के ऊपर बना चक्रवाती प्रसार अब कमजोर पड़ गया है। इससे इन इलाकों में मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। अरुणाचल प्रदेश में 13 और 14 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। मेघालय में 13 फरवरी तक सुबह के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है और सड़क तथा हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है। लोगों को सुबह के समय यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मैदानी इलाकों में बढ़ेगा तापमान

उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों, खासकर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। रात का मौसम अभी हल्का ठंडा रहेगा, लेकिन दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ेगा। मौसम साफ रहने से धूप तेज रहेगी।

दक्षिण भारत में शुष्क मौसम

दक्षिण भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। तटीय इलाकों में समुद्र के ऊपर तेज और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मछुआरों और समुद्र में जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि फरवरी का मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग तरह का असर दिखेगा। पहाड़ों में रहने वाले लोग बर्फबारी और बारिश को लेकर सतर्क रहें। मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने से सेहत का ध्यान रखें। कोहरे वाले क्षेत्रों में यात्रा सोच-समझकर करें। लोगों से अपील है कि वे अपने इलाके का ताजा मौसम अपडेट देखते रहें और उसी हिसाब से तैयारी करें।

अन्य वीडियो-



By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *