Sat. Feb 21st, 2026

बर्थडे सेलिब्रेशन में सड़क जाम, 7 रईसजादों का पुलिस ने निकाला जुलूस

image 2026 02 21T122829.242

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर 16 फरवरी की रात सड़क जाम कर जन्मदिन मनाने वाले सात रईसजादों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट तक जुलूस निकाला। मामला लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवाही के पास का है। आरोपियों ने अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर कार की बोनट पर केक काटकर और आतिशबाजी करते हुए करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लगाया। इस दौरान कई वाहन, जिनमें एम्बुलेंस भी थी, लगभग आधे घंटे तक फंसी रही।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद 20 फरवरी को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह युवकों को अंबिकापुर से और एक युवक को लटोरी से पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने पार्टी में इस्तेमाल की गई दो कारों को भी जब्त किया। इस दौरान पुलिस ने थाने से कोर्ट तक आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला।

युवकों के खिलाफ लटोरी चौकी क्षेत्र में बीएनएस की धारा 285 और 126(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की थी।

हाईकोर्ट पहले ही इस तरह की सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन और स्टंटबाजी पर सख्ती बरतने का निर्देश दे चुका है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने कहा था कि पुलिस कार्रवाई केवल दिखावे के लिए नहीं होनी चाहिए और अपराधियों को सबक मिलना चाहिए।

मुख्य सचिव ने 25 अक्टूबर को आईजी कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के सभी जिलों को कड़ाई बरतने के आदेश दिए थे। पुलिस और प्रशासन ने इसके लिए पीएचक्यू से भी निर्देश जारी किए। हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि जब्त गाड़ियों को बॉन्ड भरवाकर छोड़ने की अनुमति दी जा सकती है, लेकिन भविष्य में ऐसे मामले होने पर सख्त पेनल्टी और जब्ती लागू होगी।

इस घटना ने साफ किया कि हाईवे पर अवैध जश्न और स्टंटबाजी न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा है बल्कि आम जनता की जान के लिए भी जोखिम बढ़ाती है।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *