Royal Enfield E20 conversion Kit price: पुरानी रॉयल एनफील्ड बाइक चलाने वालों के लिए राहत की खबर है. अगर आप भी सालों से अपनी रॉयल एनफील्ड पर भरोसा करते आ रहे हैं, तो अब E20 पेट्रोल से जुड़ी परेशानियों का एक पक्का समाधान सामने आ गया है. कंपनी ने अपने पुराने ग्राहकों की जरूरत को समझते हुए एक खास कदम उठाया है, जो BS3 और BS4 मॉडल इस्तेमाल करने वालों के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है.
ऑटोकार की रिपोर्ट के अनुसार, Royal Enfield ने अपने पुराने बाइक वाले ग्राहकों के लिए एक ख़ास E20 कन्वर्जन किट (E20 conversion kit) पेश किया है. इस कन्वर्जन किट का इस्तेमाल पुरानी बुलेट, क्लासिक 350 और थंडरबर्ड के BS3 और BS4 मॉडल्स में किया जा सकेगा. पुराने बाइक्स के मालिक अब जेन्युइन E20-कम्पैटिबल कार्ब्युरेटर लगवा सकते हैं. इसका मकसद जंग लगने और रबर सील से जुड़ी दिक्कतों को दूर करना है.
E20 पेट्रोल और बढ़ती शिकायतें
कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि E20 पेट्रोल में मौजूद ज्यादा एथनॉल की वजह से फ्यूल सिस्टम में खराबी आ रही है. इससे वाहनों का न केवल माइलेज कम हो रहा है बल्कि इंजन कंपोनेंट्स में आने वाली तकनीकी खराबी के चलते वाहनों का मेंटनेंस भी बढ़ रहा है. इसको लेकर लोकल सर्किल एजेंसी ने एक सर्वे भी किया था, जिसमें 10 में से 8 लोगों ने मौजूदा E20 (एथेनॉल ब्लेंड फ्यूल) को ना कहा था.
वहीं, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) ने भी इस बात को काफी हद तक माना था. मंत्रालय ने सोशल नेटवर्किंग साइट ‘X’ पर कहा था कि, “रेगुलर पेट्रोल की तुलना में इथेनॉल की एनर्जी डेंसिटी कम होने के कारण, माइलेज में मामूली कमी आती है. जो E10 के लिए डिज़ाइन किए गए और E20 के लिए कैलिब्रेट किए गए चार पहिया वाहनों के लिए अनुमानित 1-2%, और अन्य वाहनों के लिए लगभग 3-6% है.”
क्या बदलेगा… कितना खर्च होगा
रॉयल एनफील्ड ने खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए यह विकल्प पेश किया है, जो अब भी पुराने BS3 और BS4 मॉडल चला रहे हैं. कंपनी E20 फ्यूल से होने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए पूरा कार्ब्युरेटर असेंबली बदल रही है. इसके साथ गैसकेट और ऑयल सील भी E20 फ्यूल के ही स्टैंडर्ड के लगाए जा रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार इस कन्वर्जन किट की कीमत तकरीबन 1,700 रुपये है.
वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट में जेन्युइन कार्ब्युरेटर की कीमत करीब 3,000 से 4,200 रुपये के बीच बताई गई है. वहीं सील और गैसकेट बदलने का खर्च लगभग 1,200 से 1,800 रुपये तक बताया जा रहा है. ये कन्वर्जन किट उन वाहन मालिकों के लिए उपयोगी है, जिनके पास 2009 से 2020 के बीच बेचे गए मॉडल्स हैं. ये नॉन-E20 कम्पैटिबल मॉडल्स हैं.
सरकार की ओर से एथनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल मिलने के बाद कई पुराने रॉयल एनफील्ड मालिकों ने कोल्ड स्टार्ट की दिक्कत, इंजन मिसफायर, अनस्टेबल आइडलिंग और फ्यूल लीकेज जैसी समस्याएं बताई गई हैं. जहां कुछ लोग E20 फ्यूल को इन दिक्कतों की वजह मानते हैं, वहीं सरकार का कहना है कि कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है. रॉयल एनफील्ड के अलावा मारुति सुजुकी, हीरो मोटोकॉर्प, टीवीएस मोटर और बजाज ऑटो जैसी कंपनियां भी E20 कम्पैटिबल रेट्रोफिट किट्स ऑफर कर रही हैं.
ध्यान देने वाली बात
यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि एथनॉल की एनर्जी डेंसिटी सामान्य पेट्रोल से कम होती है. इसका असर माइलेज पर हल्का सा पड़ सकता है. बेहतर परफॉर्मेंस के लिए फ्यूल सिस्टम क्लीनर का इस्तेमाल किया जा सकता है. क्लीनर डालते समय यह जरूर देख लें कि टैंक में कम से कम आधा फ्यूल मौजूद हो, ताकि क्लीनर ठीक से मिक्स होकर असर दिखा सके. E20-कम्पैटिबल कार्ब्युरेटर से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए अपने नजदीकी रॉयल एनफील्ड ऑथराइज्ड डीलरशिप से संपर्क करें.
—- समाप्त —-
