Mon. Mar 2nd, 2026

जियोे पॉलिटिकल टेंशन से सहमा शेयर बाजार, शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट

6a30a74207d5214dc738bb4af26da94b 969577854

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान जबरदस्त गिरावट का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। जियो पॉलिटिकल टेंशन के कारण बाजार खुलते ही पहले 5 सेकंड में ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 7.80 लाख करोड़ रुपये घट गया।

हालांकि बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की स्थिति में काफी हद तक सुधार भी हुआ। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.28 प्रतिशत और निफ्टी 1.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टाटा स्टील और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर 2.24 प्रतिशत से लेकर 0.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

दूसरी ओर, लार्सन एंड टूब्रो, इंटरग्लोब एवियशन, एशियन पेंट्स, अदानी एंटरप्राइजेज और अदानी पोर्ट्स के शेयर 4.74 प्रतिशत से लेकर 2.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,799 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 470 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,329 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 4 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे।

दूसरी ओर 26 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 7 शेयर हरे निशान में और 43 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 2,743.46 अंक की जबरदस्त कमजोरी के साथ 78,543.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले 20 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से दो हजार अंक से अधिक की रिकवरी करके 80,632.55 अंक के स्तर तक पहुंच गया।

इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 1,037.55 अंक टूट कर 80,249.64 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 519.40 अंक लुढ़क कर 24,659.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे पहले 20 मिनट में ही निफ्टी ओपनिंग लेवल से 330.10 अंक उछल कर 24,989.35 अंक के स्तर तक पहुंच गया।

इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी एक बार फिर बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10:15 बजे निफ्टी 315.10 अंक की गिरावट के साथ 24,863.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 961.42 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 81,287.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 317.90 अंक यानी 1.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,178.65 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *