इंग्लिश कप्तान बोले- साथी खिलाड़ी इस मैच की दुआ कर रहे थे
Last Updated:
India vs England t20 World Cup Semi Final: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ उतरने से पहले इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि टीम के कई खिलाड़ी इसी मैच की दुआ कर रहे थे. वो सभी चाहते थे उनका सामना सेमीफाइनल में भारतीय टीम के साथ हो.

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक बोले- साथी खिलाड़ी इस मैच की दुआ कर रहे थे
नई दिल्ली. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने मंगलवार (3 मार्च) को कहा कि उनकी टीम के कुछ साथी 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ खेलना चाहते थे. उन्होंने कहा कि वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को होने वाले इस बड़े मुकाबले में दोनों टीमों पर जबरदस्त दबाव रहेगा. ब्रूक ने माना कि उनकी टीम के लिए भारतीय दर्शकों के शोर के बीच खेलना काफी मुश्किल हो सकता है.
भारत और इंग्लैंड दोनों ने वर्ल्ड कप में एक-एक मैच गंवाया है. ब्रूक की टीम शानदार फॉर्म में है और लगातार पांच मैच जीत चुकी है, जिसमें सेमीफाइनल के तीनों मैच भी शामिल हैं. ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड को सिर्फ वेस्टइंडीज से हार मिली थी, जिसे भारत ने रविवार को कोलकाता में वर्चुअल क्वार्टरफाइनल में बाहर कर दिया.
ब्रूक ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, “हम सब बहुत उत्साहित हैं. मैंने पहले ही कुछ लड़कों को कहते सुना है कि वे वैसे भी भारत से खेलना चाहते थे. यह एक बड़ा मौका होगा और दोनों टीमों पर जबरदस्त दबाव रहेगा. भारत के पास जबरदस्त समर्थन है और मुझे नहीं लगता कि हमारे लिए ज्यादा लोग होंगे. माहौल बहुत शोरगुल वाला होगा. उम्मीद है हम अपनी बेस्ट क्रिकेट खेल पाएंगे,”
लगातार तीसरी बार भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल
यह तीसरी बार होगा जब भारत और इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे. 2022 में इंग्लैंड ने 10 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी. जोस बटलर ने नाबाद 80 (49) और एलेक्स हेल्स ने 86 (47) रन बनाए थे. 2024 में भारत ने 68 रन से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी, जिसमें इंग्लैंड की पूरी टीम सिर्फ 103 रन पर सिमट गई थी.
जोस को अकेला छोड़ दो
इस मुकाबले से पहले इंग्लैंड के लिए शायद एकमात्र चिंता जोस बटलर का खराब फॉर्म है. उन्होंने सात पारियों में सिर्फ 62 रन बनाए हैं, औसत 8.86 और स्ट्राइक रेट 106.90 रहा है. ब्रूक ने पूर्व कप्तान का पूरा समर्थन किया है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है जोस को अकेला छोड़ देना चाहिए. वह खेल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं और मुझे यकीन है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे. यह शानदार है कि बाकी खिलाड़ी आगे आकर जिम्मेदारी निभा रहे हैं. पूरी टीम में लगातार अच्छे प्रदर्शन हुए हैं. हमारे टॉप सात में इतने पावरफुल खिलाड़ी हैं कि अगर कोई एक भी चल गया तो विपक्षी टीम समझ नहीं पाती कि क्या करें,”
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें
