12:02 PM, 11-Mar-2026
लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू
लोकसभा की कार्यवाही एक बार फिर शुरू हो गई है। सत्ता पक्ष की तरफ से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद बोल रहे हैं। उन्होंने सदन में कहा स्पीकर के खिलाफ बहुत कुछ बोला गया। स्पीकर को अधिकार दिए जाने पर डॉ. अंबेडकर ने कहा था कि स्पीकर हाउस के प्रति अकाउंटेबल है। स्पीकर के पद ने संसद में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं। रविशंकर के संबोधन के दौरान विपक्ष का हंगामा और नारेबाजी जारी रही।
11:40 AM, 11-Mar-2026
हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
लोकसभा में एलपीजी की आपूर्ति के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग को लेकर विपक्षी दलों ने जमकर नारेबाजी की। प्रश्नकाल के दौरान हुई नारेबाजी और शोर के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई। पीठासीन सभापति ने हंगामा न थमने के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। राज्यसभा में जरूरी विधायी काम जारी हैं।
10:54 AM, 11-Mar-2026
Parliament LIVE: ‘स्पीकर के खिलाफ बहुत कुछ बोला गया’, अविश्वास प्रस्ताव पर रविशंकर प्रसाद का विपक्ष पर निशाना
लोकसभा में आरोप-प्रत्यारोप
इससे पहले मंगलवार को स्पीकर को हटाने संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि बीते 12 वर्षों में राहुल की 260 विदेश यात्राओं का खर्च किसने वहन किया? दुबे ने यह भी पूछा कि पूरे सदन में सिर्फ राहुल को ही बोलते समय माइक बंद किए जाने की शिकायत क्यों है? विपक्षी दलों के अन्य नेताओं ने आज तक ऐसी कोई शिकायत क्यों नहीं की? दुबे ने कहा कि अपनी विदेश यात्राओं के दौरान राहुल हमेशा देश विरोधी बातें करते हैं। कहीं कहते हैं कि देश में अल्पसंख्यक खतरे में हैं। कहीं देश में लोकतंत्र के खत्म होने का दावा करते हैं। हालांकि एक सवाल जिसका जवाब नहीं मिलता कि आखिर राहुल की विदेश यात्राओं का खर्च कौन उठाता है? यह सवाल इसलिए अहम है कि गांधी परिवार के पास किताबों की रॉयल्टी के अलावा आय का दूसरा कोई स्रोत नहीं है। उनकी विदेश यात्रा के संबंध में बरती जाने वाली गोपनीयता संदेह उत्पन्न करती है।
पीएम का बार-बार अपमान
दुबे ने गांधी परिवार पर पीएम मोदी से नफरत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी सदन में सोनिया गांधी ने उन्हें मौत का सौदागर कहा। राहुल गांधी भी उन्हें अपमानित करने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। अगर संसद में पीएम का कोई बच्चा नहीं है तो यह नहीं समझना चाहिए कि उनका कोई बचाव करने वाला नहीं है।
