Sat. Mar 14th, 2026

मैकेनिक ने सुसाइड से पहले बनाया वीडियो, युवती के भाई ने पुलिस बनकर धमकाया

77b0bb54ba299121963b7ff0ac38a307 1419745904

कोरबा। छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले में एक युवक की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो में युवक ने पुलिस द्वारा धमकाने और गाली-गलौज करने की बात कही थी, लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवक को असली पुलिस ने नहीं, बल्कि एक युवती के भाई ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर फोन किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

आज शनिवार काे पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के चोरभट्टी गांव निवासी सनत कश्यप (25) उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी के पास स्थित अशोक लीलैंड कंपनी के वर्कशॉप में मैकेनिक के रूप में काम करता था।

कंपनी की ओर से उसे रहने के लिए कमरा भी दिया गया था, जहां वह अपने रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार 13 मार्च को धीरेंद्र पाटले गेवरा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के साथ चला गया था।

युवती के परिजनों ने इस मामले में पंतोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस युवती और धीरेंद्र की तलाश कर रही थी।

इसी बीच युवती के भाई सचिन खरे (30) निवासी गेवरा बस्ती ने धीरेंद्र के भाई के मोबाइल नंबर से सनत कश्यप को फोन किया और खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताते हुए उसे डांटा-फटकारा गया और थाने आने के लिए कहा। फोन पर मिली धमकी और गाली-गलौज से सनत काफी घबरा गया और तनाव में आ गया।

बताया जा रहा है कि तनाव में आकर सनत ने पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने कहा कि उसे घर वालों से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन पंतोरा पुलिस द्वारा फोन कर गाली दी जा रही है और थाने बुलाया जा रहा है। उसने वीडियो में कहा कि उसका धीरेंद्र को भगाने में कोई हाथ नहीं है और वह काफी टेंशन में है। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ बलौदा थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 (छद्म प्रतिरूपण) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपित की बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना में दर्ज है।

सनत कश्यप अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन कोरबा पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *