Mon. Mar 16th, 2026

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती, पश्चिम बंगाल में असली परीक्षा

blank

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती, पश्चिम बंगाल में असली परीक्षा

 नयी दिल्ली.  पांच राज्यों की सत्ता की दौड़ में भाजपा के लिए चुनौती बड़ी है, लेकिन असली कसौटी पश्चिम बंगाल में है जहां पार्टी ममता बनर्जी की मजबूत तृणमूल मशीनरी से भिड़ने के लिए तैयार है। पश्चिम बंगाल विधानसभा के 2021 के चुनावों में भाजपा ने प्रमुख विपक्षी दल के रूप में अपनी पकड़ मजबूत की और 294 सदस्यीय विधानसभा में उसकी सीट की संख्या 2016 में मात्र तीन से बढ़कर 77 हो गई। चुनावी रणनीति में नए बदलाव के साथ, भाजपा इस बार ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ फैली जनविरोधी लहर का लाभ उठाकर तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने में आश्वस्त है। पार्टी राज्य में भ्रष्टाचार और घुसपैठ के मुद्दों को उठाकर जनता की भावनाओं को अपने पक्ष में करने की भी कोशिश कर रही है। तृणमूल पश्चिम बंगाल में लगातार 15 वर्षों से सत्ता में है।

 हालांकि, भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती पश्चिम बंगाल में किसी स्थानीय करिश्माई नेता की कमी है। जहां भाजपा लड़ाई जीतने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा कर रही है, वहीं ममता बनर्जी राज्य में एक मजबूत और चुनौतीपूर्ण राजनीतिक चेहरा बनी हुई हैं। असम में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में अपनी शासन व्यवस्था और संगठनात्मक शक्ति का भरोसा लेकर लगातार तीसरी जीत हासिल करने को आश्वस्त है। लेकिन कांग्रेस नीत विपक्ष सत्ता विरोधी लहर और स्थानीय शिकायतों का लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है। भाजपा को अल्पसंख्यक मतदाताओं, विशेषकर बांग्ला भाषी मुसलमानों के प्रतिरोध का भी सामना करना पड़ सकता है। साथ ही छह समुदायों के लंबे समय से लंबित अनुसूचित जनजाति दर्जा देने की मांग जैसे मुद्दे भी चुनावी बहस का हिस्सा बन सकते हैं। दक्षिण में भाजपा केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। केरल में पिछले विधानसभा चुनावों में पार्टी को कोई सीट नहीं मिली थी, लेकिन हाल के नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता से इस बार कुछ बढ़त की उम्मीद है। राज्य में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नीत यूडीएफ और माकपा नीत एलडीएफ के बीच रहेगा। 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *