Fri. Mar 20th, 2026

नवरात्र से पहले माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग की सुरक्षा समीक्षा, कड़े इंतजाम के निर्देश

blank

नवरात्र से पहले माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग की सुरक्षा समीक्षा, कड़े इंतजाम के निर्देश

जम्मू. उधमपुर-रियासी रेंज की पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सारा रिजवी ने चैत्र नवरात्र से पहले मंगलवार को माता वैष्णो देवी मंदिर और यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के आधार शिविर कटरा में संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए रिजवी ने नवरात्र के दौरान सुचारू और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए किए गए इंतजामों का आकलन किया। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।

अधिकारियों के अनुसार, डीआईजी ने वाहनों की जांच तेज करने के लिए विभिन्न स्थानों पर औचक चौकियां स्थापित करने तथा जम्मू-कश्मीर पुलिस व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा चौबीसों घंटे संयुक्त गश्त के निर्देश दिए। उन्होंने पैदल गश्त बढ़ाने, ऊंचाई वाले स्थानों पर अतिरिक्त तैनाती, ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) को सक्रिय करने, क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने जैसे उपायों पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भगदड़ जैसी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन पर विशेष बल दिया गया। डीआईजी ने कटरा शहर में आने वाले प्रवासियों, निर्माण श्रमिकों, पोनी चालक और अन्य व्यक्तियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। बैठक में रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमवीर सिंह के अलावा सीआरपीएफ, सेना, खुफिया ब्यूरो, अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी), भारतीय रेल, यातायात पुलिस और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान एसएसपी ने कटरा शहर के लिए व्यापक सुरक्षा ग्रिड योजना प्रस्तुत की और आधार शिविर, यात्रा मार्ग तथा गुफा मंदिर में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। देशभर में नवरात्र उत्सव 19 से 27 मार्च तक मनाया जाएगा।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *