नई दिल्ली। इजराइल के ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर और हमला नहीं करने का संकेत मिलने के बाद आज ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान निचले स्तर से शानदार रिकवरी कर मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा। जबकि एशियाई बाजार में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिकी सेना को जमीन पर नहीं उतारने का ऐलान करने और ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर नया हमला नहीं होने का संकेत देने के बाद पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट का मूड सुधरता हुआ नजर आया। ट्रंप के इस ऐलान के बाद बड़ी गिरावट का सामना कर रहे वॉल स्ट्रीट के सूचकांक निचले स्तर से काफी हद तक रिकवरी करने में सफल रहे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,606.49 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 479.74 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की मजबूती के साथ 46,501.17 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान भी लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 241.79 अंक यानी 2.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,063.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 162.01 अंक यानी 2.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,807.87 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 662.69 अंक यानी 2.90 प्रतिशत टूट कर 22,839.56 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज रिकवरी होती हुई नजर आ रही है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। इंडोनेशिया और जापान के स्टॉक मार्केट में छुट्टी होने की वजह से जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स और निक्केई इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं है। एशिया में गिरावट का सामना कर रहे सूचकांकों में हैंग सेंग इंडेक्स 181.58 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,319 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.26 प्रतिशत लुढ़क कर 4,954.66 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 156.50 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,276.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 0.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,797.13 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.90 प्रतिशत उछल कर 1,430.17 अंक के स्तर पर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 33,742.21 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की छलांग लगा कर 4,013.16 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
