Fri. Mar 20th, 2026

GATE Topper: 10वीं में 95%, 12वीं में 85%, गेट परीक्षा में रैंक 1, क्या है एकता की सफलता का सीक्रेट?

Ekta Priyadarshinee GATE 2026 Topper Interview 2026 03 127de7b6284dba76bdfff7dd1066a18f

नई दिल्ली (Ekta Priyadarshinee GATE 2026 Topper Interview). आईआईटी गुवाहाटी ने 19 मार्च 2026 को गेट परीक्षा के नतीजे जारी किए थे. गेट 2026 में केमिकल इंजीनियरिंग ब्रांच में ओडिशा की बेटी एकता प्रियदर्शिनी ने रैंक 1 हासिल की है. उन्होंने साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और सही दिशा में किए गए प्रयास कभी फेल नहीं होते. एकता प्रियदर्शिनी ने गेट 2026 में 100 में से 86 मार्क्स स्कोर किए हैं. उनकी उपलब्धि से न केवल अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है, बल्कि उन इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स को भी नई उम्मीद दी है, जो सीमित संसाधनों के साथ बड़े सपने देखते हैं.

एकता प्रियदर्शिनी शुरू से ही पढ़ाई-लिखाई में होशियार रही हैं. उन्होंने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में भी शानदार मार्क्स हासिल किए थे. अनुशासन और खुद पर अटूट विश्वास ने उन्हें गेट में रैंक 1 तक पहुंचाया. वीर सुरेंद्र साई यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (VSSUT), बुर्ला से बीटेक कर रही एकता ने अपनी तैयारी को बहुत ही व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया. उन्होंने न केवल कॉलेज की पढ़ाई पर फोकस किया, बल्कि ऑनलाइन एजुकेशन और एआई टूल्स का भी सही इस्तेमाल किया. गेट टॉपर एकता प्रियदर्शिनी की सक्सेस स्टोरी उन सभी के लिए गाइड है, जो अगले साल यह परीक्षा देंगे.

कौन हैं गेट टॉपर एकता प्रियदर्शिनी?

एकता प्रियदर्शिनी मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर की रहने वाली हैं. उनके पिता हैदराबाद स्थित NIN-ICMR से रिटायर्ड अकाउंट्स ऑफिसर हैं और मां होममेकर हैं. एकता प्रियदर्शिनी के एक बड़े भाई भी हैं, जो बिजनेस करते हैं. एकता की स्कूली शिक्षा भुवनेश्वर के डीएवी पब्लिक स्कूल (चंद्रशेखरपुर) और ओडीएम पब्लिक स्कूल से हुई है. वर्तमान में वह वीएसएसयूटी (VSSUT), बुर्ला से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक कर रही हैं. एकता प्रियदर्शिनी ने 10वीं में 95 और 12वीं में 85% अंक हासिल किए थे. फिलहाल बीटेक में उनका स्कोर 7.2 CGPA है.

एकता ने गेट की तैयारी कैसे की?

एकता प्रियदर्शिनी का मानना है कि पढ़ाई की क्वॉलिटी ज्यादा महत्वपूर्ण है, न कि क्वांटिटी. इसका मतलब है कि एकता ने पढ़ाई के घंटे से ज्यादा इस बात पर फोकस किया कि वे क्या और कैसे पढ़ रही हैं. इस सफर में उनका मंत्र अनुशासन, सेल्फ एनालिसिस, परफॉर्मेंस में सुधार और विनम्रता रहा है. गेट 2026 में केमिकल इंजीनियरिंग में रैंक 1 हासिल करने वाली एकता प्रियदर्शिनी ने अपनी तैयारी को 3 चरणों में बांटा था:

  1. Concept Clarity: हर विषय की बुनियादी समझ पर फोकस किया.
  2. Problem Solving: बड़ी संख्या में सवाल हल किए, मॉक टेस्ट दिए और कॉलेज के साथ-साथ PW GATE Wallah फैकल्टी की मदद ली.
  3. PYQs: गेट परीक्षा पैटर्न को समझने के लिए पिछले सालों के प्रश्नों को गहराई से हल किया.

गेट की तैयारी में क्या चुनौती आई?

गेट 2026 की तैयारी के दौरान खुद पर संदेह होना और पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखना एकता की सबसे बड़ी चुनौती थी. एकता प्रियदर्शिनी ने दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी खुद की प्रोग्रेस पर फोकस किया. इससे उन्हें तनाव कम करने में मदद मिली. वहीं, गेट 2026 के रिवीजन के लिए उन्होंने पढ़े हुए टॉपिक्स के शॉर्ट नोट्स बनाए. इससे आखिरी मोमेंट पर रिवीजन करने में बहुत मदद मिली. गेट मॉक टेस्ट के दौरान उनका ध्यान स्कोर से ज्यादा अपनी गलतियों को समझने पर रहता था. इससे उनकी सटीकता (Accuracy) और टाइम मैनेजमेंट में सुधार हुआ.

गेट में ऑनलाइन पढ़ाई से कितनी मदद मिली?

गेट 2026 केमिकल इंजीनियरिंग ब्रांच में रैंक 1 हासिल करने वाली एकता प्रियदर्शिनी के अनुसार, ‘गेटवाला’ जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने उन्हें बेहतरीन लेक्चर और टेस्ट सीरीज तक पहुंच प्रदान की. उन्होंने ऑनलाइन शिक्षा को ऑफलाइन शिक्षा और कॉलेज स्टडीज के साथ बैलेंस किया. एआई (AI) टूल्स ने डाउट सॉल्विंग में उनकी बहुत मदद की. जहां कई टॉपर्स परीक्षा की तैयारी के दौरान सोशल मीडिया से दूरी बना लेते हैं, वहीं एकता ने इसे पूरी तरह बंद करने के बजाय बहुत ही स्ट्रैटेजिक तरीके से इस्तेमाल किया. इससे वे अपनी तैयारी और लक्ष्य से नहीं भटकीं.

तैयारी में पिछले साल के प्रश्न पत्रों का क्या महत्व रहा?

जेईई, नीट, यूपीएससी सिविल सेवा, सीयूईटी, एसएससी समेत ज्यादातर परीक्षाओं के टॉपर पिछले सालों के प्रश्नपत्र रिवाइज करने पर जोर देते हैं. अधिकतर एक्सपर्ट भी इनसे तैयारी करने की सलाह देते हैं. इस बाबत एकता प्रियदर्शिनी का कहना है कि गेट की तैयारी के लिए पिछले सालों के प्रश्नपत्र सबसे महत्वपूर्ण संसाधन हैं. इनसे न केवल गेट परीक्षा पैटर्न बेहतर तरीके से समझ में आता है, बल्कि महत्वपूर्ण विषयों और सवालों के स्तर की भी सटीक जानकारी मिलती है. इसके अलावा, गेट मार्किंग स्कीम समझने के लिए भी इनका सहारा लिया जा सकता है.

गेट 2027 के उम्मीदवारों के लिए 3 टिप्स

अगर आप गेट 2027 परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो एकता प्रियदर्शिनी के बताए 3 टिप्स को अपना मंत्र बना सकते हैं:

  1. रटने के बजाय कॉन्सेप्ट क्लियर करने पर ध्यान दें.
  2. नियमित अभ्यास करें और PYQs को पूरी तरह हल करें.
  3. मुश्किल दौर में भी निरंतरता बनाए रखें और खुद पर भरोसा रखें.

गेट 2026 में रैंक 1 हासिल करने के बाद अब एकता का लक्ष्य किसी प्रतिष्ठित पीएसयू (PSU) में नौकरी हासिल करना है. वह कोर इंजीनियरिंग भूमिकाओं में काम करना चाहती हैं. इससे वह देश की तरक्की और विकास में अपना योगदान दे सकेंगी.

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *