बलौदाबाजार । मोर गांव, मोर पानी महाभियान 2.0 अंतर्गत जिले में जल संरक्षण हेतु अभियान चलाया जा रहा है। जल संरक्षण में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के लिये गांव -गांव में दीवार लेखन, रंगोली, रैली, जल संरक्षण शपथ के माध्यम से जनजागरूकता लाई जा रही है।
जल संचयन वाहिनी एवं समूह की महिलाएं ग्राम पंचायत कार्यालय, स्कूल, आंगनबाडी केन्द्र सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों में जल संरक्षण हेतु हैंड पम्प एवं घरों के पास सोखता गड्ढा निर्माण के लिये आकर्षक रंगोली से सन्देश दिया जा रहा है। इसके साथ ही सुंदर दीवार लेखन भी किया जा रहा है।
जागरूकता रैली में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे भी बढ़ -चढ़कर शामिल हो रहे है। तालाबों, नहरों एवं हैंडपम्प के आस -पास की साफ सफाई भी जोर शोर से किया जा रहा है।
मोर गांव मोर पानी महाभियान अंतर्गत 13 मार्च से 20 मई तक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों में विविध आयोजन हेतु कार्यक्रम निर्धारित किया गया है जिसमें अलग -अलग तिथियों में भिन्न -भिन्न कार्यक्रम होंगे। सभी हैंडपम्प, टेप नल, सरकारी भवन एवं पीएम आवास योजना अंतर्गत निर्मित मकानो के पास सोखता गड्ढा व रैन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना निर्माण किया जाएगा। वहीं जल संचय जनभागीदारी अंतर्गत भी विभिन्न संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इस वर्ष लगभग 1 लाख 9 हजार जल संचयन एवं जल संरक्षण के कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
