इजरायल और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष अब परमाणु ठिकानों तक पहुंच गया है. इजरायली सेना (IDF) ने पुष्टि की है कि शनिवार को ईरान द्वारा दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल ने नेगेव रेगिस्तान में स्थित डिमोना (Dimona) शहर की एक इमारत पर सीधा प्रहार (Direct Hit) किया है.
शनिवार को ही अमेरिका-इजरायल ने ईरान के सबसे बड़े परमाणु केंद्र नतांज पर एयरस्ट्राइक की थी और अब डिमोना में हुए मिसाइल हमले को इसी के पलटवार के रूप में देखा जा रहा है.
गौर करने वाली बात ये है कि इसी शहर में इजरायल का अत्यंत संवेदनशील परमाणु अनुसंधान केंद्र स्थित है. इजरायल की आपातकालीन चिकित्सा सेवा, मैगन डेविड एडम (MDA) के अनुसार, हमले के तुरंत बाद उनकी टीमें राहत कार्य में जुट गई हैं.
यह भी पढ़ें: ईरान के नतांज परमाणु केंद्र पर बड़ा हमला, अमेरिका-इजरायल की जबरदस्त बमबारी
डिमोना के विभिन्न हिस्सों में लगभग 20 मरीजों का इलाज किया जा रहा है. इसका एक कथित वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें ईरानी मिसाइल डिमोना में एक जगह पर गिरती हुई नजर आ रही है. अधिकांश लोग मिसाइल के छर्रों, बंकरों की ओर भागते समय गिरने के कारण घायल हुए हैं. इनमें से एक 10 साल का लड़का है, जिसकी हालत मध्यम है और उसे छर्रे लगे हैं
परमाणु ठिकानों पर ‘बदले’ की जंग
ईरान के सरकारी टीवी ने इस हमले को नतांज (Natanz) परमाणु परिसर पर हुए इजरायली हमले का ‘करारा जवाब’ बताया है. इससे पहले ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने कहा था कि नतांज संवर्धन परिसर को निशाना बनाया गया था, हालांकि वहां किसी रेडियोधर्मी रिसाव (Radioactive Leakage) की खबर नहीं है.
अब ईरान ने सीधे इजरायल के परमाणु शहर को निशाना बनाकर युद्ध को एक नई और विनाशकारी दिशा में धकेल दिया है. इस हमले के बाद मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ गया है और दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव तेज होता जा रहा है. स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.
—- समाप्त —-
