भारत के कई हिस्सों में मौसम सुहावना हो गया है. पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद नजारे और भी मनमोहक हो गए हैं. केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में ताजा बर्फबारी के बाद अद्भुत नजारे देखने को मिल रहे हैं. वहीं, दार्जिलिंग में मौसम के बदले मिजाज के बीच आज सुबह पर्यटकों को कंचनजंगा की आंशिक झलक दिखाई दी. कल संदकफू में भारी बर्फबारी हुई और शहर में दिनभर बारिश रही.
सुबह करीब 8 बजे आसमान खुलने पर कंचनजंगा की पूरी श्रृंखला तो नहीं, लेकिन इसकी तीन प्रमुख चोटियां नजर आईं, जिसे देखने के लिए मॉल रोड पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी.
हालांकि, यह साफ मौसम ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया. सुबह 10 बजे के बाद एक बार फिर क्षेत्र घने कोहरे की चपेट में आ गया. बर्फ पिघलने के चलते ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे शहर में ठंड और बढ़ गई.
केदारनाथ में हाई-लेवल सिक्योरिटी
विश्व प्रसिद्ध 11वें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में हालिया बर्फबारी के बाद पूरी केदार घाटी सफेद चांदी जैसी बर्फ की चादर से ढकी हुई है. वर्तमान में धाम का नजारा काफी सुंदर नजर आ रहा है.
इस कठिन मौसम और शून्य से नीचे गिरते तापमान के बावजूद, धाम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान पूरी निष्ठा के साथ केदारघाटी में जुटे हुए हैं.
विषम भौगोलिक परिस्थितियों और हाड़ कंपाने वाली ठंड की परवाह किए बिना, जवान निरन्तर गश्त कर रहे हैं ताकि परिसर की मर्यादा और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ, पुलिस बल के जवानों द्वारा आत्मनिर्भरता और अनुशासन का परिचय देते हुए अपने रहने के स्थानों और बैरकों के आसपास जमी भारी बर्फ को स्वयं ही साफ किया जा रहा है.
केदारनाथ धाम में तैनात यह संयुक्त सुरक्षा बल न केवल कानून व्यवस्था, बल्कि मौसम के कारण उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए भी हर समय तैयार है. भारी बर्फबारी के इस दौर में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है.
—- समाप्त —-
