Mon. Mar 23rd, 2026

केकेआर ने आकाश दीप की जगह 28 साल के गेंदबाज को किया टीम में शामिल

blank

आईपीएल: आईपीएल 2026 का आगाज 6 दिनों के बाद यानी कि 28 मार्च से होने वाला है। 19वें सीजन की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की फ्रेंचाइजी कई दिक्कतों का सामना कर रही है। टीम के दो तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाश दीप चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। इस बीच फ्रेंचाइजी ने आकाश दीप के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। उनकी जगह उन्होंने तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को शामिल किया है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक आकाश दीप के बाहर होने के बाद केकेआर ने सौरभ दुबे को टीम में शामिल करने का फैसला किया है। 28 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दुबे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं। वह पहले सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का हिस्सा थे, लेकिन अभी तक उन्होंने IPL में डेब्यू नहीं किया है।

सौरभ दुबे को लेकर सुब्रोतो बनर्जी ने दिया बड़ा बयान
सौरभ दुबे को शामिल करने के बाद सुब्रोतो बनर्जी ने कहा कि वह एक बहुत ही प्रतिभाशाली बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। मुझे याद है जब वह 2019 ACC इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के लिए राहुल द्रविड़ की देखरेख में बांग्लादेश दौरे पर गए थे। दुबे एक बेहतरीन गेंदबाज हैं और वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं। नाइट राइडर्स मैनेजमेंट का यह एक अच्छा फैसला है। उन्होंने राष्ट्रीय चयनकर्ता के तौर पर और नागपुर में दुबे के खेल पर करीब से नजर रखी है।

केकेआर को नहीं मिल रहा है हर्षित राणा का रिप्लेसमेंट
दुबे को टीम में शामिल किए जाने की पुष्टि कोलकाता नाइट राइडर्स के एक अधिकारी ने की। उन्होंने यह भी बताया कि फ्रेंचाइजी ने अभी तक हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के बारे में कोई फैसला नहीं लिया है। हर्षित राणा भी इस सीजन से बाहर हो गए हैं। हर्षित को लेकर केकेआर एक परफेक्ट रिप्लेसमेंट का तलाश कर रही है, जो उन्हें अभी तक नहीं मिला है। इसी वजह से उन्होंने अभी तक किसी का चयन नहीं किया है।

मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे दुबे
पिछले दिसंबर में अबू धाबी में हुए मिनी-ऑक्शन में दुबे को किसी ने नहीं खरीदा था। उनका नाम ‘रजिस्टर्ड अवेलेबल प्लेयर पूल’ (RAPP) में 1215वें नंबर पर था और उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये थी। IPL के नियम के मुताबिक किसी खिलाड़ी को विकल्प के तौर पर चुने जाने के लिए RAPP का हिस्सा होना जरूरी है। दुबे को इससे पहले 2022 में SRH ने साइन किया था, लेकिन चोट की वजह से उनका कार्यकाल छोटा रहा था। वह उस सीजन डेब्यू नहीं कर पाए थे। दुबे अभी तक 8 लिस्ट ए और 3 टी20 मैच खेल चुके हैं।

 

 

 

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *