Mon. Mar 23rd, 2026

ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ 12 आरोपित गिरफ्तार

13447e291c9b88237bc4dc785f4216ca 1827566608

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

साेमवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार पिछले 48 घंटों के भीतर छाल, चक्रधरनगर, भूपदेवपुर और जूटमिल थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग अलग स्थानों पर दबिश देकर 93 लीटर महुआ शराब और 59 पाव देशी तथा अंग्रेजी शराब जब्त की है।

साथ ही परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। इस कार्रवाई में 12 आराेपिताें काे गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

चक्रधरनगर थाना पुलिस ने अभियान के दौरान पांच अलग अलग कार्रवाई करते हुए ग्राम बंगुरसिया, गोवर्धनपुर और आसपास के क्षेत्रों से छह आरोपिताें को गिरफ्तार किया। आरोपिताें के कब्जे से कुल 59 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।

इसके अलावा मोटरसाइकिल से अवैध देशी शराब परिवहन करते दो आरोपिताें को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मदिरा जब्त की गई। सभी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम रसियामुड़ा और दर्रामुडा में सटीक रेड कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण पर रोक लगाई। पुलिस ने मौके पर भट्ठी को ध्वस्त कर भारी मात्रा में महुआ पास को नष्ट किया।

इस दौरान एक आरोपित को महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरे मामले में अंग्रेजी शराब के साथ एक अन्य आरोपित को पकड़ा गया। दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

जूटमिल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपित के कब्जे से लगभग 20 लीटर कच्ची महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।

छाल थाना पुलिस ने ग्राम सारसमार में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से आठ लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई और उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस का सख्त संदेश, अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से भी अपील की है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस का सहयोग करें और अवैध गतिविधियों की जानकारी साझा करें।

 

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *