Mon. Mar 23rd, 2026

कोरबा में ‘हनुमंत कथा’ को लेकर प्रशासन अलर्ट, लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी

uy10

कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढपढप में आयोजित होने वाली भव्य ‘श्री हनुमंत कथा’ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज सोमवार को कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं कथा स्थल पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने कथा स्थल पर बनाए जा रहे विशाल पंडाल, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, आवागमन के मार्ग, पार्किंग स्थल, अस्थायी दुकानों और मेला क्षेत्र के लिए चिन्हित स्थानों का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

जानकारी के अनुसार, 28 मार्च से शुरू होने वाली पांच दिवसीय ‘हनुमंत कथा’ में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा कथा वाचन किया जाएगा। इस आयोजन में कोरबा ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कथा से एक दिन पहले ग्राम ढेलवाडीह से कथा स्थल तक लगभग 21 हजार महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस विशाल आयोजन को सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन और आयोजन समिति मिलकर विशेष तैयारी कर रहे हैं।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और ट्रैफिक कंट्रोल की विशेष योजना तैयार की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कटघोरा एसडीओपी, दर्री सीएसपी सहित कटघोरा और बांकी थाना प्रभारी भी मौजूद रहे और आयोजन की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

प्रशासन और आयोजन समिति की संयुक्त तैयारियों को देखते हुए यह आयोजन जिले के लिए भव्य और ऐतिहासिक बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां सुरक्षा, व्यवस्था और श्रद्धा का संगम देखने को मिलेगा।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *