पाकिस्तान सुपर लीग 2026 का गुरुवार को बंद दरवाजे के पीछे शुरुआत हुई। पश्चिम एशिया संकट और ईंधन की कमी के साथ-साथ सुरक्षा कारणों से इसे बिना दर्शकों के खेला जा रहा है। हालांकि, पहले ही मैच में इस लीग की पोल खुल गई। गुरुवार को शाहीन अफरीदी की अगुआई वाली लाहौर कलंदर्स और मार्नस लाबुशेन की अगुआई वाली हैदराबाद किंग्समेन की टीम आमने सामने थी। हालांकि, मैच एकतरफा और विवादों से भरा रहा। इसी मैच में पीएसएल और पूरा पाकिस्तान शर्मसार हो गया।
दरअसल, लाहौर की पारी के दौरान सफेद गेंद का रंग अचानक बदल गया और गेंद पिंक यानी गुलाबी रंग की हो गई और फिर धीरे-धीरे लाल रंग की हो गई।। इसके बाद अंपायर को गेंद बदलना पड़ा। गेंद के रंग बदलने की घटना क्रिकेट इतिहास में पहली बार है। पाकिस्तानी फैंस खुद इसका मजाक बना रहे हैं कि व्हाइट बॉल का मैच अचानक पिंक बॉल मैच में कैसे बदल गया। इस मैच में लाहौर ने हैदराबाद को 69 रन से हरा दिया। लाहौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद किंग्समेन की टीम 130 रन ही बना सकी।
