अंबाला: हरियाणा का मौसम फिर से करवट ले रहा है. मार्च के आखिर में गर्मी बढ़ने लगी थी, लेकिन इसी बीच हल्की-फुल्की बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत भी दी है. IMD चंडीगढ़ की रिपोर्ट बताती है कि 30 मार्च को तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर दर्ज हुई, फिर भी मौसम अभी सामान्य के करीब ही है. दरअसल, 30 मार्च को नूंह (मेवात) जिले में सबसे अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह के समय नारनौल और भिवानी जिले में सबसे कम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
क्या है आज का तापमान
हरियाणा में आज सुबह का तापमान 19°C है, और हवा, नमी व अन्य मौसमीय कारकों को ध्यान में रखते हुए यह 17°C जैसा महसूस हो सकता है. वहीं, अंबाला जिले में सुबह के समय तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. दूसरी तरफ, बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि कई जिलों में गेहूं की फसल की कटाई चल रही है और तेज हवा व बारिश से गेहूं का दाना हल्का पड़ सकता है.
क्या है मौसम विभाग पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च को भी प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. IMD के अनुसार, अगले 5 दिनों तक हरियाणा में बारिश और तेज हवाओं वाला मौसम जारी रहने की संभावना है.
हरियाणा के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है
वहीं, 1 अप्रैल को तापमान में हल्का इजाफा होगा, लेकिन मौसम में ठंडक बनी रहेगी. इसी तरह 2 अप्रैल को कुछ जिलों में आंशिक बादल छा सकते हैं. हालांकि, बारिश की संभावना कम है, लेकिन मौसम में हल्का बदलाव महसूस होगा. वहीं, 3 अप्रैल को उत्तर और पश्चिमी हरियाणा के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है. जबकि 4 अप्रैल को कई इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है. 5 अप्रैल को मौसम फिर से साफ होने लगेगा. तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और दिन में गर्मी महसूस होने लगेगी. वहीं, 6 अप्रैल को राज्य में ज्यादातर जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा. तेज धूप के साथ गर्मी बढ़ने के आसार हैं.
AQI लेवल में हुआ बदलाव
एक तरफ हरियाणा में मौसम लगातार बदलता हुआ दिखाई दे रहा है, तो वहीं aqi.in के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद जिले में आज सुबह AQI लेवल 141 दर्ज किया गया है, जबकि राजधानी दिल्ली में AQI लेवल 195 रहा. वहीं, सुबह के समय गुरुग्राम जिले में AQI लेवल 138 और अंबाला जिले में 144 दर्ज किया गया है. अनुमान लगाया जा रहा है कि AQI लेवल मौसम के मिजाज के साथ बदलता रहेगा और आने वाले दिनों में इसमें बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है.
